महराजगंज। छत विहीन हर परिवार को घर उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार साल में जिले के 20843 लोगों को आशियाना मिल चुका है। लाभार्थी सरकार की इस योजना की सराहना कर रहे हैं। हालांकि जिले के तमाम बेघर परिवार अब भी इस योजना का लाभ पाने से वंचित हैं। पात्र लोगों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए जिले में फिर से सर्वे भी कराया गया है।
दैवी आपदा से प्रभावित वह परिवार जो बेघर हो गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। इसके अलावा कालाजर से प्रभावित, वनटांगिया तथा मुसहर परिवार जो बेघर हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2016-17 व 2017-18 में कुल 14716 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। इसमें से 13462 प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण के काम पूरे हो गए हैं। इससे पहले दो साल में भी करीब 6 हजार लाभार्थियों को योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अन्य बेघर परिवारों को भी योजना का लाभ दिलाने की कोशिश जारी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ब्लॉकवार स्थिति पर नजर डालेंगे तो पता चलेगा कि निचलौल ब्लॉक में सबसे अधिक 2958 और धानी में सबसे कम 273 आवास बने हैं। इसी तरह लक्ष्मीपुर में 2092, मिठौरा में 1351, फरेंदा में 1059, सिसवा में 730, नौतनवा में 2542, बृजमनगंज में 1500, घुघली में 429, परतावल में 527, सदर में 634, तथा पनियरा में 621 आवास बन रहे हैं।