18 अभ्यर्थियों में नियुक्ति पत्र का हुआ वितरण
महराजगंज। युवा छात्र-छात्राओं के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम है। शिक्षकों को सदैव सीखते रहना चाहिए। वे सीखेंगे तो उसका लाभ सदैव विद्यार्थियों को मिलेगा। कल के भविष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षकों को सजग रहना होगा।
यह बात वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) से चयनित प्रवक्ता व सहायक अध्यापकों को बृहस्पतिवार को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही। अन्य जिलों में चयनित हुए जिले के शिक्षकों को एनआईसी में नियुक्ति पत्र देते हुए पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने युवाओं से मिशन रोजगार का जो वायदा किया था उसे एक-एक कर पूरी कर रही है। शिक्षक भी अपने दायित्वों को लेकर विशेष गंभीरता दिखाएं।
विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि शिक्षक सिर्फ बच्चों को शिक्षित ही नहीं करते बल्कि उनको नई दिशा व दशा प्रदान करते हैं। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कहा कि शिक्षक जिस भी जिले में जाएं वहां अपने कार्यों व दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता से करें। सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साईं तेजा सीलम ने भी अपने विचार रखे। संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने किया। इस दौरान संजीव शुक्ला, रमेश कुमार, भूपेंद्र कुमार, रीतेश आदि मौजूद रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले के जिन 20 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना था उसमें प्रवक्ता के रूप मेें उर्दू के शमशाद अहमद तथा एलटी ग्रेड के शिक्षक के रूप में हिंदी की शिक्षक सावित्री, प्रतिभा गुप्ता व रजनीश कुमार, अंग्रेजी के चयनित अभ्यर्थी महबूब आलम, जीव विज्ञान की शिक्षिका प्रियंका तथा सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अंगिरा मल्ल, पूजा जायसवाल, रीना चौधरी, सविता, प्रियंका भारती, शिवकुमारी पटेल, शशिबाला गौतम, शिखा त्रिपाठी, प्रियंका, राजेश प्रजापति, कुलदीप यादव, चंद्रशेखर मिश्रा व रामनगीना को नियुक्ति पत्र दिया गया। जबकि हिंदी के सतीश शर्मा एवं सामाजिक विज्ञान के कुलदीप यादव उपस्थित नहीं रहे।