उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद के नैनी में एक सिरफिरे आशिक ने बृहस्पतिवार सुबह ऐसी हरकत कर डाली कि हर कोई सन्न रह गया।
चंदौली से आए युवक ने नैनी स्थित हॉस्पिटल में इंटर्नशिप कर रही छात्रा को बुलाकर पहले उसकी गर्दन पर छुरी मारी, फिर अपना गला भी रेत लिया।
छात्रा खुद भागकर चिकित्सालय में पहुंची तो इलाज से उसकी जान बची। हमलावर युवक को पुलिस ने एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया।
पुलिस को जांच में पता चला कि दोनों चंदौली के रहने वाले हैं। वहीं से उनके बीच दोस्ती थी। युवक दोस्ती को इश्क मानकर छात्रा के पीछे पड़ा था।
मगर छात्रा उससे मिलने से मना करती थी। इसी वजह से वह बौखलाया था। वह छात्रा को मारकर खुदकुशी के इरादे से छुरी लाया था। पुलिस ने छुरी जब्त कर युवक के खिलाफ मुकदमा लिखा है।
नैनी पुलिस ने बताया कि आसिफ अहमद सिद्दीकी (26) चंदौली जिला निवासी फतेह मोहम्मद का बेटा है। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर पर है।
वह वाराणसी में चश्मे की दुकान में काम करता है। चंदौली की ही अर्चना (नाम काल्पनिक) से उसका करीब तीन साल से मिलना-जुलना था।
वह अर्चना से इश्क करने लगा, जबकि अर्चना अपनी पढ़ाई और कैरियर पर ज्यादा ध्यान देती रही। वह वाराणसी में बीएचयू से न्यूट्रीशन विषय से एमएससी कर रही है।
कुछ समय पहले अर्चना नैनी में अरैल मोड़ स्थित जहांगीर हॉस्पिटल में इंटर्नशिप के लिए आ गई। वह दारागंज में अपने रिश्तेदार के यहां ठहरी है।
घरवालों से किसी परीक्षा का बहाना कर आसिफ चार रोज से इलाहाबाद में घूम रहा था। वह कई बार अर्चना से मिलने गया।
लोगों ने उसे हॉस्पिटल के इर्द-गिर्द टहलते देखा था। बृहस्पतिवार सुबह उसने अर्चना को हॉस्पिटल के बाहर मिलने के लिए बुलाया। वह बाहर आई तो दोनों खड़े होकर बातें करने लगे। उनके बीच कहासुनी होने लगी। अचानक तभी आसिफ ने जेब से छुरी निकाल अर्चना पर हमला बोल दिया।
वह भागी तो आसिफ ने पकड़कर उसकी गर्दन पर छुरी चला दी। गर्दन पर जख्म होने के बावजूद अर्चना उसे धक्का देकर चीखते हुए भागी। लोगों ने आसिफ को दबोचने की कोशिश की तो उसने अपने गले पर छुरी से वार कर लिया।
इतने में लोगों ने उसे दबोचकर छुरी छीन ली। उसकी गर्दन से खून बह रहा था इसलिए कपड़ा लाकर लगाया गया। उधर, अर्चना अपनी गर्दन पकडे़ सामने जहांगीर हॉस्पिटल पहुंची। अंदर जाते ही वह बेहोश होकर फर्श पर गिर गई।
लहूलुहान अर्चना को फौरन अंदर ले जाकर इलाज किया गया। इस घटना की खबर पाकर जेल रोड चौकी से पुलिसकर्मी आ गए। आसिफ को एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस का कहना है कि आसिफ इधर कुछ समय से अर्चना के पीछे पड़ा था।
वह मिलने से मना करती थी इसलिए वह भन्नाया हुआ था। इनकार से बौखलाए आसिफ ने इकतरफा इश्क के जुनून में अर्चना को मारकर खुद मरने की ठान ली, और ऐसी वारदात कर बैठा।
बेटा ऐसा दीवाना, घरवाले थे बेखबर
आसिफ की करतूत ने नैनी इलाके के लोगों, हॉस्पिटल स्टॉफ, अर्चना और उसके परिजनों को हैरान कर दिया। खुद आसिफ के परिवार के लोग सकते में हैं।
दोपहर बाद चंदौली से आसिफ के भाई समेत परिजन आ गए। कुछ रिश्तेदार इलाहाबाद से भी पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि आसिफ तो यह बताकर पांच दिन से निकला था कि किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए इलाहाबाद जा रहा है। उन्हें तो भनक भी नहीं लगी उसके इरादे की।
अर्चना के भी मां-बाप चंदौली से आए तो बेहद दुखी थे। पिता की अर्जी पर नैनी थाने में आसिफ के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।