ललितपुर। विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की सभाएं सजातीय मतदाताओं के लिए काफी मायने रखती हैं, लेकिन यहां भाजपा और कांग्रेस के अलाव किसी पार्टी के स्टार प्रचारक नहीं आए। चुनाव से पहले भाजपा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सभा कर मतदाताओं के दिल में जगह बनाई। जबकि महरौनी में सभा करने आए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पार्टी की साख नहीं बचा सके।
विधानसभा चुनाव में एक-एक सीट पर भाजपा ने कड़ी मशक्कत की है। सदर क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो महरौनी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने दोनो विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं कर सजातीय मतदाताओं को साधने की कोशिश की थी। जबकि बसपा से मुख्य सेक्टर प्रभारी के अलावा अन्य कोई स्टार प्रचारक यहां सभा तक करने नहीं आया। वहीं सपा से पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बीते साल एक दिसंबर को यहां सभा की, लेकिन चुनाव घोषित होने के बाद पार्टी का कोई बड़ा नेता यहां प्रचार के लिए नहीं आया। माना जा रहा है कि उसी का नतीजा चुनाव के परिणामों पर भी देखने को मिला।