नवजीवन कॉलौनी में प्लाट व रोड में भरा पानी
- फोटो : LALITPUR
फोटो- 02, 03 ललितपुर। नगर में कई मोहल्लों में पड़े खाली प्लॉट लोगों को बीमारियों का खतरा बन रहे हैं। खाली प्लॉटों में बारिश व नालियों का पानी जमा हो रहा है। इससे उठ रही दुर्गंध से पास में ठहरना तक मुश्किल हो रहा है। साथ ही मच्छर पनपने से संक्रामक बीमारियां बढ़ने की संभावना है। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेखा कर रहे हैं। ऐसे में बीमारियों के बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
शहर में इलाइट के पास स्थित मोहल्ला हरदीला की नवजीवन कालोनी के खाली प्लॉटों का जलभराव आसपास के निवासियों को परेशानी का सबब बन रहे हैं। कालोनी के खाली प्लॉटों पर नालियों के पानी से तो पहले ही समस्या थी। अब बारिश के पानी ने संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ा दिया है। स्थिति यह है कि यहां पर एआरटीओ कार्यालय के नहर रोड़ से जुड़ी अधिकांश गलियों में पक्की सड़क का अभाव है। इससे गलियों में दूषित पानी जमा हो गया है। रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। लेकिन यहां के खाली प्लॉटों में भी नालियों व बारिश का पानी जमा हो गया है। इससे यह प्लाट लबालब हो गए हैं। पानी की निकासी न होने से दुर्गंध उठ रही है। पास के लोगों को घरों तक में रहना मुश्किल हो रहा है। साथ ही गंदे पानी के जमा होने से संक्रामक बीमारियों का भी खतरा सता रहा है। मच्छर पनपने से बीमारियों का भी भय बना हुआ है। इतना ही नहीं जिला प्रशासन द्वारा लगातार जलभराव को लेकर निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन नगर के कई मोहल्लों में असर नजर नहीं आ रहा है। ऐसा ही शहर के मोहल्ला तालाबपुरा और हरदीला अन्य कई मोहल्लों में जलभराव बना हुआ है। यहां जिम्मेदार लगातार अनदेखा कर रहे हैं।
मोहल्ला में कई खाली प्लॉटों में महीनों से पानी भरा हुआ है। इससे दुर्गंध उठ रही है। इससे निकलना तक दूभर हो गया है। - विकास श्रीवास
मकान के बगल में खाली प्लॉट व रास्ते में जलभराव बना हुआ है। इससे मच्छर पनप रहे हैं। संक्रामक बीमारियां भी फैलने का डर है। - राजकुमार
घरों के आसपास के खाली प्लॉटों में जमा पानी की निकासी कराई जाए। जिससे मोहल्लावासियों को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। - विशाल पस्तोर
वजीवन कॉलौनी में प्लाट में भरा पानी- फोटो : LALITPUR