तालबेहट। विकास खंड अंतर्गत ग्राम बिजरौठा के ग्रामीणों ने गांव के एक कोटेदार की घटतौली के वायरल वीडियो की जांच पूर्ति निरीक्षक के स्थान पर जांच कमेटी से कराने की मांग को लेकर एसडीएम को एक शिकायती पत्र दिया। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने पूर्ति निरीक्षक पर कई आरोप लगाए।
बताते चलें कि लगभग दो सप्ताह पहले गांव के कुछ लोगों ने एक कोटेदार की घटतौली का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद उपजिलाधिकारी एसपी सिंह को एक शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच की मांग उठाई थी। मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक उक्त मामले की जांच करने गए। इसके कुछ समय बाद गांव से आए ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि पूर्ति निरीक्षक उनके बयान न लिख कर पूर्व में अंकित बयान पर उनसे हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच टीम के माध्यम से कराने की मांग की। जिस पर उपजिलाधिकारी ने तत्काल पूर्ति निरीक्षक से फोन पर वार्ता की और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। शिकायती पत्र पर राजकुमार, दयाराम, नाती राजा, नरेंद्र सिंह, मथुरा, ग्यासीलाल, देशराज, रामरतन, रामलाल आदि के हस्ताक्षर थे।
कुछ ग्रामीण शिकायती पत्र लेकर आए थे। जिस पर पूर्ति निरीक्षक और नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम से जांच कराने के लिए कहा गया है। जांच के बाद जो सही होगा, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - एसपी सिंह, उपजिलाधिकारी तालबेहट