पाली(ललितपुर)। थाना पाली क्षेत्र के गांव करमरा में मंगलवार को एक खेत में गेहूं की फसल के बीच में एक युवक का शव पड़ा मिला। गेहूं की कटाई कर रहे लोगों ने शव को देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
थाना पाली क्षेत्र के गांव करमरा निवासी कामता प्रसाद राजपूत (42) पुत्र भागीरथ राजपूत का शव मंगलवार को दोपहर में एक खेत में पड़ा मिला। जब खेत में गेहूं की कटाई हो रही थी, तो मजदूरों ने युवक का शव पड़ा देखा। जिस पर वह अपने कटाई के औजार छोड़कर वहां से फरार हो गए।
इस पर खेत के स्वामी ने इसकी सूचना थाना पाली पुलिस को दी। वहीं घटना की खबर मिलने पर पूरे गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। पाली पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। पाली थाना अध्यक्ष तिलकधारी ने बताया कि यह हत्या है या फिर कुछ और ये जांच के बाद ही पता चल सकेगा। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं और मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार मृतक के बच्चों की लड़ाई सोमवार शाम को गांव के ही कुछ लोगों से हुई थी। जो गंभीर रूप से घायल हो गए थे और पाली पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जबकि मृतक के परिजनों के अनुसार सोमवार रात में हमारे बीच किसी बात को लेकर हल्का फुल्का विवाद हुआ था। जिसके चलते युवक सोमवार रात को वह खेत पर सोने की बात कहकर घर से निकल गया था। मंगलवार को उन्हें पुलिस ने सूचना दी कि कामते राजपूत की लाश गेहूं के खेत में पड़ी हुई है।