ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मसौराखुर्द में खेत में चारपाई पर सो रहे किसान को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा थाना जखौरा क्षेत्र के कस्बा जखौरा में खेत पर फसल रखवाली को गए किसान की सांप के डसने से झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मसौराखुर्द निवासी काशीराम कुशवाहा (55) पुत्र नंदू कुशवाहा शुक्रवार की रात को गांव में स्थित खेत पर फसल की रखवाली के लिए वहां बने टपरे में सोने लिए चला गया। शनिवार की सुबह करीब पांच बजे चारपाई पर सोते समय उसे सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई, जिस पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, थाना जखौरा क्षेत्र के कस्बा जखौरा में खेत पर फसल रखवाली को गए किसान की सांप के डसने से झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत हो गई, जिस पर परिजन उसे वापस जिला अस्पताल ले गए। कस्बा जखौरा निवासी तोरन (50) पुत्र वंशी अहिरवार शुक्रवार की रात को खाना खाने के बाद खेत पर मूंगफली फसल की रखवाली के लिए चला गया और वहां वह खेत देखने के बाद टपरे में सोने चला गया, जहां देर रात करीब एक बजे सांप ने कंधे में काट लिया, जिस पर वह जाग गया और उसने सांप को देख लिया। जिस पर वह दूसरे खेत में अपने बड़े भाई के पास गया और सांप के काटने की बात बताई। जिस पर परिजन उसे उपचार के लिए जखौरा स्थित अस्पताल में ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल और यहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिस पर परिजन उसे वापस जिला अस्पताल ले आए। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृृतक के बड़े भाई जगभान ने बताया जब उसके भाई को सांप ने डसा तो उसने सांप को देख लिया था।