ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत हाईवे स्थित बंगरिया तिराहे पर शनिवार की शाम को तेज रफ्तार ट्रक ने डिवाइडर के कट से मोड़ते समय बाइक सवार को रौंद डाला, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर नाराहट थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा नाराहट निवासी कमलेश कुशवाहा(28) पुत्र बाबूलाल पंडा शनिवार की शाम को लगभग साढ़े पांच बजे ग्राम बंगरिया किसी काम के सिलसिले में मोटरसाइकिल से जा रहा था। वह हाईवे स्थित बंगरिया तिराहा पर डिवाइडर के कट से गाड़ी मोड़कर सड़क किनारे ही जाने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान सागर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे बाइक समेत रौंद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर थाना नाराहट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे दिनेश ने बताया कि मृतक के तीन बेटे हैं और वह दो भाई व दो बहनों में छोटा था। उसने बताया कि वह मिठाई बनाने का काम करता था और उसके पास दो एकड़ खेती है।