तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम चुरावनी में एक कुएं की मिट्टी धसक गई। इससे कुएं में सिंचाई के लिए रखे तीनों भाइयों के डीजल इंजन मिट्टी के नीचे दब गए।
चुरावनी निवासी सबदल पाल के पास लगभग सात एकड़ खेेती की जमीन थी। उसकी मृत्यु के बाद उसके तीनों पुत्र श्रीपत, छोटे लाल और लखन उक्त भूमि पर खेती करने लगे। तीनों भाई सिंचाई के लिए कुएं में अपने अपने डीजल इंजन रखकर फसल की सिंचाई करते आ रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर में अचानक कुएं की मिटटी धसक कर कुएं में गिर गई। जिसमें कुएं के किनारे पानी लेने रखे तीनों भाइयों के डीजल इंजन दब गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक कुएं का काफी भाग ढह गया था।
सरकारी योजनाओं की खुली पोल
कच्चे कुएं के ढहने से गांव में किसानों के नवीन कूप निर्माण और मरम्मतीकरण के काम के नाम पर वाहवाही लूटने वाले कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों की पोल खुल गई। तीनों भाइयों ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी से कुएं की मरम्मत कराने एवं किसी भी भाई के नाम से दूसरा कूप बनवाने के लिए कई बार कहा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।