ललितपुर। कैलगुवां रोड स्थित एंब्रोसिया कॉलोनी में पूर्व राज्य मंत्री के बेटे और नगर पालिका परिषद व परिसर की दुकानों में हुई चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस चोरों के नजदीक पहुंच गई और जल्द ही पुलिस चोरियों का खुलासा कर सकती है।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहर के कई मोहल्लों में बीते कुछ दिनों से लगातार चोरियों के मामले सामने आ रहे हैं। बीते दो दिनों में नगर पालिका परिसर में नगर पालिका कार्यालय समेत तीन जगह के ताले टूटे और सीसीटीवी कैमरे तोड़े गए एवं एक दुकान से नकदी भी चोरी की गई। वहीं बीते रोज सोमवार को शहर की पॉश कॉलोनी एंब्रोसिया में पूर्व स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. अरविंद जैन गौना के बेटे नीरज जैन के मकान के भी ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए।
चोरों की फुटेज सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
वहीं नगर पालिका में भी एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक चोरी चोरी करते हुए नजर आया। इससे पहले भी कई जगह चोरियों की घटनाएं एक सप्ताह से हो रही थीं। अब जब शहर की पॉश कॉलोनी और सदर चौकी के ठीक सामने स्थित नगर पालिका परिसर में ही चोर देर रात इत्मिनान से ताले तोड़कर चोरी करते रहे तो पुलिस की गश्ती पर भी सवाल उठने लगे।
इस पर पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी व कोतवाली पुलिस की टीमों को मामले में जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर पुलिस टीमों ने चोरियों के गिरोह तक पहुंचने के लिए कई जगह दबिश दी है और कई संदिग्ध पुलिस के हाथ लगे हैं। इनसे पूछताछ की गई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम चोरों के गिरोह तक पहुंच गई है और जल्द ही चोरियों के मामले से पर्दा उठ सकता है।