वीएसए से बात करते शिक्षक संघ के प्रतिनिधी मण्डल
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद ललितपुर का एक प्रतिनिधि मंडल बुुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वित्त एवं लेखाधिकारी से मिला। संगठन ने शिक्षकों के शोषण रोकने और मध्याह्न भोजन वितरण की समस्या के निस्तारण की मांग की।
शिक्षक संघ ने बीएसए और वित्त लेेखाधिकारी को बताया कि विद्यालयों में 24 अगस्त से छात्रों की भौतिक उपस्थिति प्रारंभ हो गई है। प्राधिकरण द्वारा बच्चों को मध्याह्न भोजन वितरण के निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन बच्चों को गत वर्ष की कंवर्जन कास्ट के साथ-साथ 124/ 138 दिवस का खाद्यान्न भी बांटने के निर्देश शासन द्वारा दिए गए थे। राशन कम मात्रा में होने के कारण सभी छात्रों को वितरित भी नहीं हो पाया है। ऐसी स्थिति में विद्यालय में बच्चों को भोजन पकाकर दे पाना दुरूह कार्य है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विद्यालय द्वारा माह के अंतिम कार्य दिवस को उपभोग किए गए एवं अवशेष खाद्यान्न की सूचना प्रेषित की जाती है। इसके बावजूद भी आज तक जनपद स्तर पर कोई ब्यौरा उपलब्ध न होने से खाद्यान्न भेजने में तमाम विसंगतियां उत्पन्न हो रही हैं, जिसका खामियाजा अध्यापकों को भुगतना पड़ता है। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राधिकरण एवं शासन से मार्गदर्शन प्राप्त कर समस्या के अतिशीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। संघ द्वारा कहा गया कि पूर्व में कई बार निरीक्षण के संबंध में शासन द्वारा ऑनलाइन निरीक्षण के स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद भी निरंतर ऑफलाइन निरीक्षण किए जा रहे हैं एवं अध्यापकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। निरीक्षण कर्ताओं की मनमानी पर रोक लगाने की मांग संघ द्वारा की गई। ब्लॉक मुख्यालयों पर खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा मनमाने तरीके से लेखाकार व कम्प्यूटर आपरेटर से कार्य लिया जा रहा हैं, कार्मिकों के बीच स्पष्ट रूप से कार्य विभाजन न हो पाने के कारण शिक्षक भ्रम की स्थिति में रहते हैं। कई बार अनेक महत्वपूर्ण सूचनाएं व अभिलेख गायब हो जाते हैं, जिससे बाद में खंड शिक्षा अधिकारियों का कोप भाजन शिक्षकों को बनना पड़ता है। ऐसे में लेखाकार एवं कंप्यूटर आपरेटर के कार्यों का विभाजन करते हुए उक्त दोनों के कार्यों की सूची ब्लॉक संसाधन केंद्र के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाए। विद्यालय खुलने के बाद भी पाठ्य पुस्तकें छात्रों को अब तक मुहैया नहीं हो सकी हैं, जिससे पठन पाठन प्रभावित हो रहा है, जिस पर शीघ्र विद्यालयों तक पाठ्य पुस्तक भेजने की व्यवस्था की जाए। कतिपय कर्मियों द्वारा कार्यालय एवं विद्यालयों से महत्वपूर्ण अभिलेख गायब कर दिए गए हैं दोषियों को चिह्नित कर शीघ्र कार्रवाई की जाए। इस मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया, जिला मंत्री अरुण गोस्वामी, जिला कोषाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी संतोष रजक, बिरधा के अध्यक्ष मनोज कुमार झा, विशाल गुप्ता भी उपस्थित रहे।