ललितपुर। परिषदीय स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था शुरू हुए 22 दिन बीत चुके, इसके बाद भी कई स्कूलों में शिक्षकों नदारद रहते हैं। इस पर बीएसए राम प्रवेश ने स्कूलों का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। बुधवार को ब्लॉक बार व बिरधा में संचालित परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में कई शिक्षक नहीं मिले तो उन्होंने वेतन काटने के निर्देश दिए। ग्राम गदयाना स्थित प्राथमिक विद्यालय में अनुचर को छोड़कर पूरा स्टाफ अनुपस्थित न मिलने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एक माह का वेतन रोकने के आदेश दिए।
प्राथमिक विद्यालय गदयाना, बार में कार्यरत अनुचर अनिल कुमार उपस्थित मिला, जबकि जबकि विद्यालय का समस्त स्टाफ अनुपस्थित पाया गया। विद्यालय में कार्यरत इंचार्ज प्रधान अध्यापक संतोष कुमार राठौर, सहायक अध्यापक शिवकुमार, कैलाश चंद्र, सुलेखा कुमारी, शांत कुमार, अंकिता सोनी, सुरेंद्र पाल सिंह, मानवेंद्र सिंह, रुक्मिणी सोनी, नेहा शुक्ला का एक माह का वेतन रोकने और शिक्षामित्र जानकी प्रसाद साहू, रूबी जैन, जानकी प्रसाद, संगीता जैन, रिहाना खातून, एवं अनुदेशक धर्मेंद्र कुमार, राधा विश्वकर्मा रीना दिवाकर का अनुपस्थित दिवस का मानदेय काटने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
उच्चतर प्राथमिक विद्यालय तेरा, बार के निरीक्षण में विद्यालय में मल्टीपल हैंडवॉश अपूर्ण पाया गया। प्राथमिक विद्यालय तेरा, (बार) के निरीक्षण में 43 बच्चे उपस्थित मिले। इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रिया, सहायक अध्यापक प्राची के अनुपस्थित होने पर एक माह का वेतन काटा गया, जबकि शिक्षामित्र अरविंद सिंह, भगवत एवं शिवनारायण का अनुपस्थित दिवस का मानदेय काटा और स्पष्टीकरण मांगा। कंपोजिट विद्यालय बानपुर, (बार) के निरीक्षण में कार्यरत अध्यापकों से प्रेरणा लक्ष्य मॉड्यूल आदि के संबंध में जानकारी ली गई। विद्यालय में प्राप्त कंपोजिट ग्रांट से प्राप्त 75,000 एवं 50,000 रुपये के सापेक्ष कार्यों को इंचार्ज प्रधानाध्यापक द्वारा पूर्ण नहीं कराया गया। जिस पर निर्देशित किया कि वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 में कराए गए कार्यों के बिल बाउचर कैश बुक समस्त वित्तीय अभिलेखों सहित एक सप्ताह के अंदर अपना स्पष्टीकरण देना सुनिश्चित करें।
प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए
इंचार्ज प्रधानाध्यापक सिमी फरजाना द्वारा सही जानकारी नहीं देने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। कन्या उप्रावि बानपुर, (बार) के निरीक्षण में अनुदेशिका वर्षा सोनी अनुपस्थित पाई गईं। विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों से प्रेरणा लक्ष्य मॉड्यूल आदि के संबंध में जानकारी ली गई। विद्यालय में मल्टीपल हैंडवॉश अपूर्ण है। ब्लैक बोर्ड मानक अनुसार नहीं पाए गए। उन्होंने विद्यालय में पाई गईं कमियों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। अनुदेशिका वर्षा सोनी का अनुपस्थित दिवस का मानदेय काटा गया। कन्या प्रावि बानपुर, (बार) के निरीक्षण में मल्टीपल हैंडवॉश अपूर्ण पाया गया। प्राथमिक विद्यालय छिल्ला, (बार) के निरीक्षण में शिक्षामित्र जानकी एवं सरोज अनुपस्थित थीं, जिस पर उनका अनुपस्थित दिवस का मानदेय काटा गया।