ऐसे लगा था जर्जर दीवार में लगा बिजली लाइन का ब्रेकिट
- फोटो : LALITPUR
पुलवारा(ललितपुर)। कस्बा बार स्थित उप डाकघर के समीप लोगों के लिए खतरे का सबब बने जर्जर दीवार पर लगे एंगल (ब्रेकिट) को बिजली विभाग ने हटाकर वहां पोल लगा दिया है, इससे लोगों ने राहत की सांस ली। इलाकाई लोगों ने इसके लिए अमर उजाला का आभार जताते हुए कहा कि खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अफसरों ने संज्ञान में लेकर पोल लगवा दिया।
कस्बा बार में जल संस्थान वाली गली में उप डाकघर के बगल में जर्जर दीवार पर लगे ब्रेकिट (लोहे का एंगल) के सहारे बिजली की लाइन जा रही थी। दीवार गिरने से लाइन की चपेट में आकर बड़ा हादसा हो सकता था। इलाकाई लोगों ने इस संबंध में विभागीय अफसरों से शिकायत की लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस समस्या को अमर उजाला ने 19 अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिसके बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और एसडीओ महेश कुमार ने जल्द ही समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया था। बीते दिनों उस दीवार से हटाकर एक पोल खड़ा करवाकर उस पर लाइन शिफ्ट करा दी गई। जर्जर बिजली का पोल बदल दिए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मुहल्ले में रहने वाले लोगों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के लिए अमर उजाला को धन्यवाद दिया।