ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना जाखलौन के अंतर्गत एक गांव निवासी महिला ने न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अगस्त माह में वह अपने मायके गई थी। 26 अगस्त की सुबह उसकी बेटी की तबीयत खराब होने की वजह से वह उसका इलाज कराने ललितपुर में कैलगुंवा तिराहा पर उतरी थी। उसी समय उसके रिश्तेदार मुकेश, बल्लू पाल मिले और हालचाल लिया। वह दोनों युवक मोटरसाइकिल से उसे सावरकर चौक स्थित एक क्लीनिक पर ले गए और वहां पर उसकी बेटी का इलाज कराया।
इसके बाद दोनों बोले कि उसके पति की तबीयत खराब है। महिला का कहना है कि वह ससुराल की ओर चल दी लेकिन दोनों उसे उसके ससुराल न ले जाकर अपने गांव ले गए। उसने विरोध किया, लेकिन कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने उसका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। वह उसे अपने गांव के पूर्व सरपंच जगन्नाथ के घर ले गए, जहां चार दिन तक दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
उसके पिता ने एक सितंबर को कोतवाली पुलिस में शिकायत की एवं उसे उन लोगों की कैद से अशोक नगर की थाना कदवाहा पुलिस की मदद से मुक्त कराया। महिला का आरोप है कि उसने इस संबंध में कोतवाली पुलिस से शिकायती की थी लेकिन कार्रवाई नहीं की गई, जिस पर उसे न्यायालय जाना पड़ा। अब कोतवाली पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों मुकेश व बल्लू पाल के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।