ललितपुर। थाना मड़ावरा के अंतर्गत ग्राम बम्हौरीखुर्द के उचित दर विक्रेता को वितरण में गड़बड़ी व अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के साथ अभद्रता करना महंगा पड़ गया है। पूर्ति निरीक्षक ने उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कालाबाजारी करने की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बीते दिनों जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भागी, हल्की बहू, शांतिबाई, हाकम ने शिकायत की थी कि उचित दर विक्रेता गांववालों से अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देता है और मांगने पर गाली गलौज करता है। इस शिकायत पर डीएम ने तत्काल जांच कर कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए गए। इसके अनुपालन में 23 जुलाई को दोपहर में उचित दर दुकान की आकस्मिक जांच की गई। निरीक्षण दौरान विक्रेता से स्टॉक रजिस्टर एव वितरण अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया लेकिन वह अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सका।
मौके पर दुकान में उपलब्ध ई-पॉस मशीन का अवलोकन करने पर माह जुलाई के द्वितीय चक्र का वितरण शून्य पाया गया लेकिन एक भी कार्डधारक को खाद्यान्न का वितरण नहीं किया गया है। दुकान में उपलब्ध 8.20 क्विंटल चावल व 20 किग्रा गेहूं अपने कब्जे में लेकर जगभान सिंह उचित दर विक्रेता ग्राम पंचायत गिरार को मौके पर ही सुपुर्द किया गया कि वह माल को अपनी अभिरक्षा में सुरक्षित रखेगें। विक्रेता द्वारा चीनी का वितरण भी नहीं किया गया।
जांच में पाया गया कि द्वितीय चक्र में कुल गेहूं 38.8 क्विंटल व चावल 18.01 समेत क्विंटल कुल 56.90 क्विंटल खाद्यान्न का दुरुपयोग कर कालाबाजारी की गई है। इसी तरह अंत्योदय कार्डधारकों को माह अप्रैल, मई व जून 2021 की आवंटित चीनी 1.02 क्विंटल का वितरण नहीं कर कालाबाजारी की गई है। इसके अलावा भी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। इस पर जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार की अनुमति से थाना मड़ावरा में रणवीर सिंह उचित दर विक्रेता ग्राम बम्हौरीखुर्द ब्लॉक व तहसील मड़ावरा के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज हुई।