मड़ावरा (ललितपुर)। खाद के लिए रविवार को गल्ला मंडी में उमड़ी किसानों की भीड़ एक ही काउंटर संचालित होने से बेकाबू हो गई। मौके पर हंगामा कर रहे किसानों पर पुलिस के लाठियां फटकारने से एक किसान और एक महिला घायल हो गए तो किसान आक्रोशित हो गए। गुस्साएं किसानों ने बसों के शीशे तोड़ डाले और सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर अधिकारी और कई थानों का फोर्स बुला लिया गया। उधर, एसडीएम ने किसानों को समझाबुझाकर शांत किया और खाद का वितरण कराया।
रविवार को खाद विक्रेता मंडी में पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कर रहे थे लेकिन किसानों की भीड़ की सापेक्ष महज एक ही काउंटर संचालित होने से हालात बिगड़ते देख पुलिस ने किसानों को लाइन में लगवाना शुरू कराया तो किसान हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस ने डंडे पटककर कुछ सख्ती दिखाने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की में पुलिस का डंडा ग्राम जलंधर निवासी बुजुर्ग किसान बाली लोधी के सिर पर लग गया जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। यह देख किसान भड़क गए और हंगामा करने लगे।
पुलिस ने डंडे फटकारकर भीड़ को तितर बितर किया। इसी दौरान एक महिला गिरकर घायल हो गई, जिसे किसी तरह भीड़ से बाहर निकालकर घर भेज दिया गया। इससे आक्रोशित किसानों ने सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पास में खड़ी एक निजी और एक रोडवेज बस पर पत्थर फेंककर उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलते ही एसडीएम केके सिंह व सीओ केशवनाथ सहित आसपास के थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एसडीएम ने किसानों को समझा बुझाकर खाद का वितरण शुरू कराया। घायल किसान को अस्पताल भेजकर उसका उपचार कराया गया।
स्थानीय गल्ला मंडी में खाद लेने के लिए उमड़ी भीड़ में लाइन में लगे होने के बावजूद पुलिस ने डंडा मारा जिससे उसके सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा। इस घटना में एक महिला भी गिरकर चुटहिल हुई है उसे घर भेज दिया गया।
बाली सिंह, घायल किसान
किसानों पर डंडे फटकारने का आरोप गलत है। भीड़ में हुई धक्का-मुक्की के कारण किसान गिर गया था जिससे उसके सिर में हल्की चोट आई, उसका उपचार करा दिया गया है। महिला के गिरकर घायल होने की जानकारी नहीं है।
केशवनाथ, सीओ
घटना की जानकारी लेते सीओ व अन्य- फोटो : LALITPUR
क्षतिग्रस्त रोडवेज बस- फोटो : LALITPUR
क्षतिग्रस्त निजी बस- फोटो : LALITPUR
जमीनपर बैठी चुटहिल महिला- फोटो : LALITPUR