ललितपुर जिले में खाद वितरण के दौरान रविवार को मड़ावरा व नाराहट क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ। मड़ावरा में भीड़ को कम करने के लिए पुलिस ने डंडे फटकारे जिससे एक महिला सहित किसान चुटहिल हो गया। गुस्साए किसानों ने रोडवेज की बस पर पत्थर मारकर सीसा तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे सीओ केशवनाथ ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
इधर,नाराहट स्थित सहकारी समिति पर खाद लेने के लिए लगी भीड़ को एक सिपाही ने लाइन में लगाने की कोशिश में डंडा फटकारा तो डंडा एक ग्रामीण के लग गया। इससे गुस्साए किसानों ने हंगामा करते हुए सिपाही को घेर लिया। यह देख दरोगा मौके पर पहुंचा तो भीड़ में किसी ने दरोगा के थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना से भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे सीओ व एसडीएम ने किसानों को समझाबुझाकर शांत कराया।