जिला अस्पताल में वेक्सीनेशन के लिए उमड़ी भीड़
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोविड से बचाव को वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। आलम यह है कि अब अस्पतालों में वैक्सीन की कमी पड़ रही है। बीते दिन महाअभियान के बाद बुधवार को वैक्सीन न होने से अस्पतालों से लोगों को बारिश में ही वापस लौटना पड़ा। नोडल अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को छह हजार लोगों के वैक्सीन लगाई जाएगी।
संक्रमण से बचाव में जागरूकता व नियमों के पालन के साथ वैक्सीन भी महत्वपूर्ण है। इसके चलते लोग टीका लगवाने के लिए तैयार हैं। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बाद भी शिविरों में लाइन कम नहीं हो रही है। वर्षा से बचाव के लिए छाता लेकर कतारों में लगे नजर आए।
बुधवार को विभाग के पास वैक्सीन की कमी होने से शहर में केवल दो ही सत्र (शिविर) लगाए गए। जिसमें जिला महिला अस्पताल में केवल दूसरा डोज लगाया गया। वहीं जिला अस्पताल पुरुष में एक शिविर लगाया गया। यहां भीड़ अधिक हो गई। बारिश होने के चलते लाइनों में छाता लेकर डटे रहे लेकिन वैक्सीन खत्म होने के कारण कई लोग बगैर टीका लगवाएं घर लौट गए। वहीं वैक्सीन की कमी के कारण अन्य छह स्थानों पर शिविर बंद रहे। नतीजतन यहां बारिश में आए लोग सुबह 11 बजे तक इंतजार करते रहे। सेंटर न खुलने से अपने-अपने घरों को लौट गए।
---
टीकाकरण में महिलाओं को टीकाकरण के लिए अलग से काई व्यवस्था नहीं है। महिलाओं, वृद्धजन और दिव्यांगों की अलग से लाइन लगाई जाए।
- उर्मिला
---
मंगलवार को अधिक लोगों को वैक्सीन लगी, लगा कि आज भी अधिक लोगों को टीकाकरण किया जाएगा पर नंबर आया तो वैक्सीन खत्म हो गई।
- अनुराग गोस्वामी
---
महावैक्सीनेशन अभियान के बाद विभाग के पास एक हजार डोज बच गए थे, जिस पर शहर में दो और ग्रामीण क्षेत्र में महरौनी व तालबेहट में शिविर लगाकर टीकाकरण किया गया। बृहस्पतिवार के लिए छह हजार डोज प्राप्त कराए गए, जिस पर टीकाकरण किया जाएगा।
- डॉ. हुसैन खान
नोडल अधिकारी कोविड टीकाकरण