ललितपुर। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर ने बीघाखेत पीसीएफ गोदाम के भंडार नायक रविभूषण कुशवाह को सोमवार रात पुलिस कस्टडी में कोतवाली भेज दिया था। इसके बाद डीएम की ओर से जारी प्रेस नोट में आरोपी रविभूषण कुशवाह के खिलाफ खाद की कालाबाजारी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करने की बात कही गई थी, लेकिन सोमवार देर रात आरोपी को कोतवाली से छोड़ दिया गया। यह मामला मंगलवार को प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र के सामने भी उठाया गया।
सोमवार को खाद न बांटने की शिकायत पर एसडीएम ने पीसीएफ गोदाम के भंडार नायक रविभूषण कुशवाह को बुलाकर गोदाम का स्टॉक चेक किया था। बताया कि स्टॉक में 300 बोरी खाद की कम होने पर आरोपी भंडार नायक के खिलाफ डीएम के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करा कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन देर रात भंडार नायक को पुलिस ने रिहा कर दिया। कोतवाल विनोद मिश्रा ने बताया कि डीएम के निर्देश पर आरोपी को मौका देते हुए छोड़ा गया है। मंगलवार को मामला तूल पकड़ने पर डीएम ने प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव की मौजूदगी में कहा कि खाद का वितरण प्रभावित होता इसलिए उसे छोड़ कर व्यवस्था ठीक कराई जा रही है लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी।
आरोपी भंडार नायक के जेल जाने से पीसीएफ के खाद वितरण में दिक्कत आ जाती जिससे किसान परेशान हो जाता, इस मामले में जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसी कारण उसे रात में छोड़ दिया गया था।
अन्नावि दिनेश कुमार,डीएम