डेंगू, स्क्रब टाइफस के बाद लेप्टोस्पायरोसिस की मरीज मिली
ललितपुर। जनपद में डेंगू, स्क्रब टाइफस और मौसमी बीमारियों के प्रकोप से निपट नहीं पाए थे, कि लेप्टोस्पायरोसिस के मरीज मिलने से मुश्किलें बढ़ गईं हैं। शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला किडनी खराबी की समस्या से जूझ रही है। बीते दिनों बुखार के इलाज के लिए पहुंची महिला की जांच में लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि हुई है। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लार्वा नाशक दवा का छिड़काव कर साफ-सफाई कराई।
जिले में बीमारियों का दायरा बढ़ता जा रहा है। आए दिन कई बीमारियों के मरीज सामने आ चुके हैं। बीते माहों से वायरल के लगातार मरीज मिल रहे हैं। इससे साथ ही डेंगू व स्क्रब टाइफस जैसी गंभीर बीमारियों के मरीज भी मिल चुके हैं। इसके साथ ही संक्रमण काल के चलते कोविड के मरीज भी मिल रहे हैं। ऐसे में बढ़ती बीमारियों को लेकर लोग सहमे हुए हैं।
शहर के मोहल्ला नदीपुरा निवासी एक 45 वर्षीय महिला किडनी खराब होने की समस्या से परेशान चल रही है। वह झांसी में पांच वर्षों से लगातार डायलिसिस पर चल रही। मर्ज बढ़ा तो महिला के शरीर में सूजन हो गई। जिसके बाद बुखार आ गया। परिजन उसे लेकर झांसी पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने कई जांचें लिखीं। महिला का 17 सितंबर को सैंपल लिया गया। 18 सितंबर को जांच रिपोर्ट में महिला में लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि हुई। 19 सितंबर को महिला की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। जिसके बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती ने नगर पालिका की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मरीज के घर के आसपास लार्वीसाइट का स्प्रे कराया। पास की झाड़ियों की सफाई कराई। जलभराव में भी दवा का छिड़काव कराया।
एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. देशराज सिंह ने बताया कि महिला पांच वर्षों से किडनी की बीमारी से ग्रसित है। डायलिसिस पर चल रही है। बुखार आने पर झांसी में जांच की गई। जिसमें लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि हुई। अब महिला स्वस्थ बताई गई है। डायलिसिस के बाद उसे डिस्चार्ज किया जाएगा।
----
जनपद में अब तक एक मरीज पाया था, जिस पर नगर पालिका व स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लार्वीसाइट का छिड़काव कर परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी परिजन स्वस्थ हैं। महिला को शीघ्र ही डिस्चार्ज किया जाएगा।
- डॉ. राजेश भारती, नगर स्वास्थ्य अधिकारी