ललितपुर। नगर पालिका प्रशासन की उदासीन रवैया के चलते आजादपुरा प्रथम की लोहिया गली में सोमवार को भी सफाई कर्मियों की टीम नहीं पहुंची। जनता जलभराव से जूझ रही है। नतीजतन मोहल्ले के लोग और स्कूली बच्चे गंदे पानी से निकलने को मजबूर हैं। हैरत की बात तो यह है कि सदर विधायक से लेकर अधिकारियों तक यह मामला पहुंच गया लेकिन किसी ने मौके पर जाना भी मुनासिब नहीं समझा।
आजादपुरा प्रथम वार्ड 16 की लोहिया गली में कई दिनों से गंदा पानी भरा होने की समस्या गहराती जा रही है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बढ़ता जा रहा है जिसके कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा। स्कूल जाने वाले बच्चे भी पानी के बीच से किसी तरह मुश्किल से निकल पा रहे हैं।
उधर, गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध से लोगों को यहां रहना मुश्किल हो रहा। यदि यही हाल रहा तो संक्रामक बीमारियां फैलने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। हैरत की बात तो यह है कि जानकारी के बाद भी सदर विधायक, पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने मौके पर जाकर देखना मुनासिब नहीं समझा। सभासद हरीओम कुशवाह का कहना है कि गली में जलभराव के संबंध में अधिकारियों से लेकर पालिकाध्यक्ष तक से निस्तारण की मांग की लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। अब डीएम से मिलेंगे।
जलभराव की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक को प्रार्थनापत्र दिए, लेकिन समस्या का हल नहीं हो सका है। मायूसी ही हाथ लगी है। आयुष नामदेव
जलभराव की जानकारी नगर पालिका के अधिकारी और पालिकाध्यक्ष को भी हो गई है लेकिन किसी ने मोहल्ले में भरा गंदा पानी निकलवाना मुनासिब नहीं समझा। डीएम से समस्या के निदान की उम्मीद है। लाड़कुंवर
आजादपुरा प्रथम में लोहिया गली में दूषित जलभराव की समस्या की जानकारी मिली है। मंगलवार को सफाई कर्मियों की टीम भेजकर पानी की निकासी कराई जाएगी। साथ ही नालियों से गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाएगी।
रजनी साहू, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद
समय के अभाव में वहां नहीं पहुंच सका लेकिन वह इस संबंध में अधिशासी अधिकारी से बात कर मोहल्ले में सफाई कर्मियों की टीम भेजकर समस्या का निदान कराएंगे। रामरतन कुशवाहा, सदर विधायक