संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आगामी लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक तरीके से कराने और गड़बड़ी रोकने के लिए यहां एक कंपनी सीआरपीएफ डेरा डालेगी। सीआरपीएफ अलग अलग क्षेत्रों में पैदल मार्च करेगी और लोगों को भयमुक्त मतदान करने के लिए प्रेरित करेगी।
संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन मतदान प्रक्रिया शांति पूर्वक तरीके से संपन्न हो सके, इसके लिए पूर्व में हुए चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने में जुटा है। एमपी सीमा से लगे बार्डर की थाना पुलिस बैरियर लगाकर चौबीस घंटे सघन चेकिंग कर रही है। इसके साथ डीएम-एसपी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर चौपाल लगा रहे हैं और लोगों को भयमुक्त मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि एक कंपनी सीआरपीएफ जिले में आएगी। सीआरपीएफ कंपनी व गैर जनपद से आने वाले पुलिस फोर्स के रुकने के लिए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
लोकसभा चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए एक कंपनी सीआरपीएफ की जिले में आएगी। यह कंपनी करीब 36 स्थानों पर पैदल मार्च करेगी और लोगों को भयमुक्त मतदान करने को प्रेरित करेगी।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक