ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम नैगुंवा में खेत पर पशुओं को भूसा डालने के दौरान सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। झाड़फूंक के चक्कर में परिजन घंटों इधर-उधर घूमते रहे। बाद में उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया।
थाना बानपुर के ग्राम नैगुुंवा निवासी अंगावती (45) पत्नी छोटेलाल राजपूत शनिवार की शाम को करीब छह बजे खेत पर बने टपरे में पशुओं को चारा-भूसा डालने के लिए गई थीं। जब वह भूसा निकाल रही थीं, तभी वहां छिपे एक सांप से उसे दाहिने हाथ में डस लिया, जिस पर महिला ने सांप को पकड़कर दूर फेंक दिया और तत्काल दौड़कर घर पहुंची व परिजनों को सांप के काटने की बात बताई। जिसके बाद परिजनों ने झाड़फूंक व विष निकालने के लिए गांव की ही एक महिला को बुलाया, उस महिला द्वारा विष निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन समय बीतने के साथ ही महिला की हालत बिगड़ती चली गई और वह बेसुध हो गई।
जिसके बाद करीब आठ बजे परिजन उसे महरौनी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर बताई, जिस पर परिजन उसे टीकमगढ़ अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने हाथ खड़े कर दिए, जिसके बाद परिजन उसे बगाज माता और फिर वहां से उसे ललितपुर के ग्राम बुढ़वार झाड़फूंक को ले गए, लेकिन वहां से भी उसे कोई लाभ नहीं हुआ। अंत में देर रात को वह उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भतीजे शिवराज सिंह ने बताया कि मृतका के दो बेटे हैं।