ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत कस्बे में सुबह खेत में पानी देते समय एक किसान की हालत बिगड़ने से उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
कस्बा जाखलौन निवासी प्रमोद (35) पुत्र रामदयाल शुक्रवार की शाम को रोजाना की तरह खेत में पानी देने के लिए गया था। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे उसकी खेत में ही हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। यह देख परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां शनिवार देर शाम को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे राजकुमार ने बताया कि उसके पिता के नाम करीब सवा एकड़ जमीन है, जिसमें वह खेती कर रहे थे। शनिवार की सुबह खेत में पानी देते समय उनकी हालत खराब हो गई थी। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हार्ट अटैक आने से किसान की मौत हुई है।