बानपुर (ललितपुर)। थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरतला में बीते दो दिन पहले अपहृत हुए चार वर्षीय बालक को पुलिस ने बानपुर क्षेत्र के ही गाईघाट से बरामद कर लिया है। बालक गाईघाट पर राम जानकी मंदिर पर भीख मांग रहा था। पुलिस ने बालक का अपहरण करने वाले मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ क्षेत्र के एक आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।
थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम बरतला निवासी रविकांत (04) पुत्र गणेश अहिरवार अपने चाचा के साथ घर पर सोया हुआ था और घर के बाकी सदस्य श्रीमद्भागवत कथा सुनने गांव में मंदिर गए थे। जब परिजन कथा सुनकर घर लौटे बालक घर पर नहीं मिला, जिस पर उन्होंने उसे घर व पास पड़ोस में खोजा, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। उन्होंने इसकी सूचना थाना बानपुर पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बालक की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में बरामद की बरामदगी के लिए चार टीमें भी गठित कर दीं। टीमों ने तत्काल बालक तक पहुंचने के लिए खोज शुरू कर दी। सोमवार सुबह पुलिस टीमों को बानपुर क्षेत्र में गाईघाट के पास उसी हुलिया के एक बालक के भीख मांगते हुए और एक अन्य व्यक्ति के साथ होने की जानकारी लगी। जिस पर पुलिस टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर देखा तो एक व्यक्ति बालक को गोद में लेकर गाईघाट स्थित रामजानकी मंदिर के सामने भीख मंगवा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए व्यक्ति को सोमवार को सुबह 9.10 बजे गिरफ्तार करते हुए अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मध्य प्रदेश के थाना कोतवाली टीकमगढ़ देहात के ग्राम अनगढ़ा निवासी बालदास उर्फ बल्ले पुत्र रतीराम आदिवासी बताया।
दो दिन पहले घर में सो रहा बालक गायब हो गया था। इस संबंध में गुमशुदगी दर्ज की गई थी और बालक की बरामदगी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं। बालक को बानपुर क्षेत्र के गाईघाट स्थित रामजानकी मंदिर के पास से एक व्यक्ति के पास से बरामद कर लिया है। वह व्यक्ति बालक से भीख मंगवा रहा था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
-निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक।