ललितपुर। करवाचौथ के लिए महिलाएं घर से खरीदारी करने निकल रही हैं। कपड़ा और मनियारी की दुकानों में महिलाओं की खासी भीड़ लग रही है। वहीं दिवाली के लिए दर्जी की दुकानों पर भी कपड़े सिलवाने वालों की भीड़ बढ़ रही है।
त्योहारी सीजन के चलते बाजार में रौनक बढ़ गई है। हालांकि, करवाचौथ के साथ-साथ त्योहारों का सीजन होने के चलते भी बाजारों में खरीदारी को लंबी लाइनें लग रही हैं। सबसे ज्यादा भीड़ कपड़ों की दुकानों पर लग रही है।
24 अक्तूबर को करवाचौथ के लिए सुहागिन महिलाएं साड़ी, चूड़ियां आदि अभी से खरीद रहीं हैं। नवविवाहित जोड़ों ने भी करवाचौथ के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। कपड़े, गहने और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी कर रही हैं।
दुकानदार नीलेश कुमार जैन, नीतू जैन और रोहित पाठक ने बताया कि अभी तक बाजार में मंदी का माहौल था। अब करवाचौथ के व्रत को लेकर बाजार में लोगों की आवाजाही शुरू हुई है। उम्मीद है कि आने वाले समय में कारोबार पटरी पर लौटेगा।