ललितपुर। शासन द्वारा बुंदेलखंड में बिजली आपूर्ति और व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कम दूरी पर नए बिजली घरों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि आगामी समय में बिजली की समस्या से लोगों को परेशान नहीं होना पड़े। जिसके तहत जनपद में दस नए बिजली घरों को स्वीकृत करने के बाद चार बिजली घरों के लिए जमीन चिह्नित की जा चुकी है, जबकि छह अन्य नए स्वीकृत बिजली घरों के लिए जमीन चिह्नीकरण का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। कैलगुवां चौराहा पर भी नया बिजली घर बनेगा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अमित किशोर ने बीते रोज मंगलवार को जनपद पहुंचकर विद्युत अधिकारियों से बिजली व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक की थी। जिसमें उन्होंने जनपद में योजना के तहत स्वीकृत किए गए नए दस बिजली घरों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के संबंध में अधिकारियों से वर्तमान की स्थिति के बारे में जाना। उन्होंने सेकंडरी वर्क्स के उपखंड अधिकारी अरविंद गौतम से योजना में बिजली घरों के लिए जमीन चिह्नीकरण के संबंध में जानकारी ली, जिस पर उन्होंने बताया कि इस योजना में बनाए जाने वाले नए बिजली घरों के लिए नाराहट, बालाबेहट, कारीटोरन एवं भैलोनीलोध (बार) में जमीन चिह्नित करते हुए फाइनल कर ली गई है। जबकि छह अन्य स्थानों सिलगन, कल्यानपुरा, सैदपुर, सेरवांस, सिलावन एवं शहर में कैलगुवां चौराहा के लिए अभी जमीन चिह्नित होना है। जिस पर उन्होंने इसके लिए जल्द ही जमीन चिह्नीकरण किए जाने के निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी जाए।
वहीं शहर में कैलगुवां चौराहा के पास स्वीकृत 33 केवी क्षमता के नए बिजली घर को जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू होगी, इसके लिए अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण किया और जल्द ही इसके लिए पत्राचार कर आगे की प्रक्रिया की जाएगी। बताया गया कि इस बिजली घर का निर्माण कार्य एक से डेढ़ माह में शुरू होना है। इसके साथ ही बाईपास बिजलीघर और कैलगुवां चौराहा पर बनाए जाने वाला बिजली घर पर कंपोजिट सर्किट से जोड़ा जाएगा। कैलगुवां चौराहा बिजली घर के लिए कल्यानपुरा 520 बिजली घर से लाइन बनाई जाएगी और यह बिजली घर दस एमवीए ट्रांसफार्मर क्षमता का होगा। जिसमें पांच-पांच एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे।