ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी महिला को पुलिस कर्मी द्वारा फोन पर परेशान करने की शिकायत पर सीडीआर निकलवाकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच की गई। जिसमें महिला को परेशान करने वाला युवक पुलिस कर्मी नहीं बल्कि गांव टोड़ी निवासी एक युवक निकला। जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। वहीं महिला ने शिकायत की थी, उसने भी पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर आगे कार्रवाई न करने की बात कही है।
बता दें कि दो दिन पहले एक महिला ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर एक पुलिस कर्मी का नाम लेते हुए मोबाइल पर कॉल कर परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस जांच अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को सौंपी। उन्होंने टीम को महिला के गांव भेजकर घटना की सत्यता की जांच कराई। टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और महिला के मोबाइल पर आए उक्त नंबर की कॉल की सीडीआर निकलवाई। साथ ही उस नाम के पुलिसकर्मियों को एसपी कार्यालय में बुलाकर शिनाख्त भी कराई। जिस पर महिला आरोपी की पहचान नहीं कर सकी। वहीं सीडीआर में नंबर की जांच करने पर नंबर और नाम वाला ग्राम टोड़ी निवासी एक युवक निकला। जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की और महिला को बुलाकर उसकी पहचान कराई। लेकिन महिला ने कोतवाली पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करना चाहती है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर सीडीआर निकलवाकर महिला के मोबाइल पर आने वाले नंबर की जांच कराई गई है, जिसमें टोड़ी गांव निवासी युवक आरोपी निकला है, लेकिन महिला ने कार्रवाई से इनकार कर दिया है।
महिला की शिकायत पर उसके द्वारा बताए गए नाम वाले चार सिपाहियों की शिनाख्त कराई थी। जिसमें महिला उसे पहचान नहीं सकी थी। इसके बाद भी जांच की गई, तो इसमें कोई भी सिपाही नहीं बल्कि एक गांव का युवक आरोपी पाया गया।
-निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।