ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत गांव निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। शव सबसे पहले उसकी मां ने देखा।
ग्राम करौंदा निवासी दीक्षा (17) पुत्री राघवेंद्र सिंह शुक्रवार की रात को खाना खाकर परिजनों के साथ सोने के लिए कमरे में चली गई थी। शनिवार को सुबह तीन बजे वह अपनी छोटी बहन रोशनी को बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। घरवालों ने सोचा कि वह शौच के लिए चली गई होगी।
सुबह लगभग पांच बजे जब उसकी मां मवेशियों से दूध निकालने के लिए उठी तो दीक्षा उन्हें नहीं दिखी। खोजने पर दीक्षा का शव भूसे के कमरे में बल्ली पर दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका मिला। मां ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के पिता राघवेंद्र ने बताया कि दीक्षा दो बहनों में बड़ी थी। उसका एक छोटा भाई है। दीक्षा ने आत्महत्या क्यों की, परिवारवाले इसकी जानकारी नहीं दे सके।