महरौनी (ललितपुर)। तहसील के सौजना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांव इस समय शराब कारोबारियों की गिरफ्त में हैं। आरोप है कि शराब कारोबारी क्षेत्र में किराने की दुकानदारों पर पेटियां रखकर बिकवा रहे हैं। हालात यह हैं कि लोग घरों के जेवर और अनाज बेचकर शराब खरीद रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र में बताया कि शराब की बिक्री से युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। वह तेजी से नशे की गिरफ्त में फंसते चले जा रहे हैं। कारोबारी लालच देकर दुकानदारों से शराब बिकवा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कई लोग अपनी बहू बेटियों के जेवर, अनाज और घर गृहस्थी का सामान आदि बेचकर शराब पी रहे है। कई बार लोगों ने अधिकारियों से शराब बिक्री के खिलाफ अंकुश लगाने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि शराब का अवैध कारोबार सौजना थाना के ग्राम रूकवाहा, खटोरा, मैनवार, पंडाखेरा, पथराई, जगारा, सड़कोरा, लहरेन, बूढ़ी, भरतपुर, सीतापुर, निबुआ खेरा, गोना, कुसमाड, कोरवास, भोंडी, क्योलारी, गुढ़ा, भदोरा, वंगरुवा में शराब बेचीं जा रही है। उन्होंने डीएम से अवैध शराब के कारोबारियों पर लगाम लगाने की मांग की है।