ललितपुर। कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम भैरा में बृहस्पतिवार दोपहर में मसूर की फसल में पानी देते समय करंट लगने से झुलसे एक किसान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि किसान को बचाते समय किशोर झुलस गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम भैरा निवासी पुष्पेंद्र राजपूत पुत्र सीताराम ने गांव के तखत सिंह के खेत में मसूर की फसल बोई हुई थी। बृहस्पतिवार को दोपहर में जब वह फसल में पानी दे रहा था। खेत के किनारे से लगी बारी के पास से विद्युत तार निकले हुए थे। जब पुष्पेंद्र ने बारी पकड़ी तभी वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। उसे करंट लगता देख तखत सिंह का 15 साल का पुत्र मौके पर पहुंचा और उसने पुष्पेंद्र को बचाने का प्रयास किया। जिसके चलते वह भी झुलस गया। आस पास के किसानों ने तत्काल पुष्पेंद्र को महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल में पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। उसने बताया कि दस दिन पहले ही पुष्पेंद्र एक दिन की पुत्री की मौत हो गई थी। बताया कि भाई के पास बिल्कुल भी जमीन नहीं हैं । शहर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत की जानकारी मिली है। जांच के बाद कर्रवाई शुरू की जाएगी।