ललितपुर। रेलवे स्टेशन के पास एक युवक को पिटता देख बीच बचाव करना अधिवक्ता को महंगा पड़ गया। युवकों ने अधिवक्ता और उसके बेटे के साथ भी मारपीट कर दी। अधिवक्ता ने कोतवाली में शिकायत की तो पुलिस ने आरोपी युवकों का चालान काट दिया। अधिवक्ताओं के साथ मारपीट के मामले में मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला नेहरूनगर निवासी अधिवक्ता नसीर खां सोमवार शाम को जब कचहरी से घर लौट रहे थे और रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे तो वहां कुछ लड़के एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। जिस पर अधिवक्ता ने उन्हें रोका और बीच बचाव का प्रयास किया तो युवकों ने अधिवक्ता के साथ ही मारपीट कर दी। यहां तक कि अधिवक्ता के बेटे वहां पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की। जिस पर अधिवक्ता ने कोतवाली में पहुंचकर शिकायत की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ शांति भंग में चालान की कार्रवाई की गई।
जानकारी मिलने पर अधिवक्ता के साथी अन्य अधिवक्ता भी कोतवाली पहुंच गए। मंगलवार सुबह अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं एक अन्य मामले में ग्राम बुढ़वार निवासी अधिवक्ता राजेश पाठक ने भी एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते नौ मई की शाम छह बजे वह अपने गांव स्थित घर में बैठा हुआ था, तभी गांव के ही कुछ लोग अवैध असलहा के साथ आए और कहा कि उसकी वजह से उनके खड़ंजा, पत्थर का काम बंद हो गया है, जिससे उन्हें काफी नुकसान हो गया है। जब उसने उन्हें समझाया तो वे लोग गाली गलौज करने लगे और नुुकसान की भरपाई करने व जान से मारने की धमकी देने लगे। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग वहां आ गए, जिस पर वह पांच लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित अधिवक्ता ने एसपी से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।