तालबेहट/ बिजरौठा। जखौरा तालबेहट मार्ग पर ग्रामसभा बिजरौठा के गायत्री मंदिर के समीप ग्रामसभा की बेशकीमती जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन से हटवाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने लेखपाल पर कई तरह के आरोप भी लगाए।
सरकार चारागाह सहित अन्य शासकीय जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान चला रही है। वहीं, दंबग ग्रामसभा सहित अन्य शासकीय जमीनों पर कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ग्राम बिजरौठा में गायत्री मंदिर के समीप ग्रामसभा की बेशकीमती भूमि है। सड़क के किनारे जमीन होने के कारण उस पर गांव के कई लोगों की नजर रही है। गांव के कुछ दंबगों ने दो दिन पूर्व उक्त जमीन पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से नींव खोदना तथा टिन सेट और पॉलिथीन डालकर कब्जा करना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होते ही गांव के लोगों ने उपजिलाधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार राघवेंद्र शर्मा को अवगत कराते हुए अवैध कब्जे हटवाने की मांग की। इस पर तहसीलदार ने तत्काल प्रभारी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल को पर्याप्त पुलिस बल के साथ जाकर अवैध कब्जे हटवाने के लिए कहा। इस पर बृहस्पतिवार को कई टीमों ने मौके पर जेसीबी मशीन की सहायता से उक्त अवैध निर्माण ढहा दिए।
यह लोग कर रहे थे अवैध कब्जे --
लेखपाल नंदलाल कुशवाहा ने तहसीलदार को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि ग्राम सभा बिजरौठा में ग्राम सभा के चिमन एवं ग्यासी , कल्यान, जसरथ एवं अजय
, जानकी, रामकिशोर ,शिवराज,परमानंद ,रामकिशन ,नंदकिशोर, घनश्याम, राजेश ने कच्चा व पक्का निर्माण करके कब्जा कर लिया था।
कब्जा हटवाने में यह रहे शामिल
- कब्जा हटवाने में राजस्व निरीक्षक हरीराम प्रजापति, लेखपाल सहित एसआई मनोज मिश्रा, एसआई विनोद कुमार के अलावा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
- कुछ वर्ष पहले भी हो चुका कब्जे का प्रयास
इस जमीन पर आज से लगभग छह वर्ष पहले भी गांव के दबंगों ने कब्जा करने का प्रयास किया था। उस समय ग्राम प्रधान पहलवान सिंह राजपूत की सजगता से दबंग कब्जा करने में कामयाब नहीं हो सके थे।