ललितपुर। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से कई जगह पेड़ गिरने से 56 गांवों की बिजली पिछले 22 घंटे से गुल है।
रविवार रात कई जगहों पर हाईटेंशन लाइनों पर पेड़ गिर गए इससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विभागीय कर्मियों ने सुबह कुछ क्षेत्रों में मरम्मत के बाद सप्लाई बहाल की लेकिन कुछ ही देर में लाइन में आए फॉल्टों से फिर बिजली गुल हो गई। नझाई व गोविंदनगर में हाईटेंशन लाइनों में फॉल्ट हुआ तो बानपुर क्षेत्र के ग्राम पड़वां के पास छह विशालकाय पेड़ 33 केवी लाइन पर गिरने से क्षेत्र के 56 गांवों की बिजली आपूर्ति 22 घंटे से ठप चल रही है। जखौरा क्षेत्र में भी रविवार की रात से बिजली गुल है। जबकि महरौनी, बिरधा, नाराहट व सोजना क्षेत्रों में भी बिजली बाधित हो गई है।
जनपद में रविवार की देर शाम से बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। जिसके चलते शहर के विभिन्न फीडरों से जुड़े मोहल्लों व ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह फॉल्ट होने से 22 घंटे से अधिक समय से बिजली बाधित चल रही है। शहर में तेज हवाओं के कारण हाईटेंशन लाइनों पर पेड़ों की टहनियां गिरने के कारण फॉल्ट आ गया। गोविंद नगर, नझाई बाजार, तालाबपुरा, नेहरुनगर, इलाइट,रामनगर, वंशीपुरा, झांसीपुरा, अजीतापुरा, बड़ापुरा, सरदारपुरा, तलैयापुरा, सिविललाइन, सदनशाह, गांधीनगर, स्टेशन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बार-बार फाल्ट होने से पेट्रोलिंग करके कर्मचारियों द्वारा लाइन मरम्मत का काम चल रहा है, लेकिन आधा घंटे बिजली आने के बाद लाइन फिर से फाल्ट होने से समस्या बढ़ गई है।
उधर, बानपुर क्षेत्र में रविवार की देर रात को ग्राम पड़वां में बानपुर बिजली घर को जाने वाली 33 केवी लाइन पर चार विशालकाय पेड़ गिर गए, जिसके चलते पूरे बानपुर सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले 56 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद सोमवार को सुबह फिर से दो पेड़ हाईटेंशन लाइनों पर गिर गए। बिजली ठप होने पर विद्युत अभियंता बृजेंद्र पाल द्वारा लाइनमैनों की टीमों के साथ पेट्रोलिंग करके फॉल्ट खोजा गया और लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया, लेकिन सोमवार देर शाम तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।
इसके अलावा जखौरा सब स्टेशन के अंतर्गत तेज बारिश में जगह-जगह हाईटेंशन लाइन फॉल्ट होने के कारण रविवार की रात करीब दस बजे से बिजली आपूर्ति ठप चल रही है। ऐसा ही हाल बाईपास सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले फीडरों का है, जिसके तहत कल्यानपुर, मसौरा, निवाई की लाइनों में भी फॉल्ट होने से बिजली ठप हो गई। वहीं बिरधा, नाराहट, बंगरिया, मिर्चवारा एवं बांसी फीडरों पर भी फॉल्ट होने से घंटों बिजली आपूर्ति ठप चल रही है।