खैड़र नदी के पुल पर दस फुट ऊपर बहता पानी।
- फोटो : LALITPUR
जखौरा। कस्बा जखौरा में मानसरोवर तालाब उफान पर होने से सड़क व बस्ती में पानी भर गया है। वहीं रात और दिन भर की बारिश के चलते कस्बा जखौरा से निकली खैड़र के पुल पर पानी बह रहा है। ऐसे जखौरा से बांसी, सिरसी, तालबेहट, राजघाट से होकर आने जाने वाले सभी मार्ग नदी नाले उफान पर होने से बंद हो गए हैं। ऐसे में पूरा जखौरा कस्बा टापू बनकर रह गया है।
कस्बा में स्थित मानसरोबर तालाब का पानी ओवरफ्लो होने से बस्ती व सड़कों से होकर नदी में जा रहा है। तालाब के भराव क्षेत्र में करीब पच्चीस मकानों की बस्ती में भी पानी घुस गया और यहां बने सभी मकान आधे-आधे डूब गए हैं। वहीं तालाब ओवरफ्लो होने से यहां बस स्टैंड, माता मंदिर के पास तालाब की बंडी से पानी घरों व खेतों से होकर बह रहा है। बड़े बाजार में तालाब की बंडी एवं बारह द्वार से पानी निकलकर रज्जू के मकान को घेरते हुए खेतों से बह रहा है। कस्बा से निकली खैड़र नदी का पानी पुल पर बह रहा है। इधर कस्बा के बाहर तालाबेहट, बांसी, सिरसी, राजघाट जाने वाले मार्गों पर के सभी पुलों पर पानी बहने के कारण जखौरा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। ऐसे में जखौरा वासियों का कस्बा से बाहर आने जाने वाले संपर्क मार्ग कट चुके हैं। यहां बीते बीस घंटे से बिजली ठप बनी हुई है।
जखोरा मानसरोवर तालाब से बाराद्वार में से निकलकर सड़क पर बहता पानी।- फोटो : LALITPUR