ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तालाबपुरा में दो पड़ोसियों में आपसी विवाद हो गया, जिसके बाद एक पड़ोसी के परिजनों ने दूसरे के परिजनों को लाठियों व धारदार हथियारों से पीट दिया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला तालाबपुरा निवासी अमन सुरजिया ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग गालियां देते हुए लाठी, डंडों व फरसा लेकर उसके घर में घुस आए और उसकी मां कमला, पिता रविंद्र और भाई आकाश एवं नरेंद्र के ऊपर हमला कर दिया और घर से खींचकर बाहर ले आए और फिर से मारपीट कर दी। जिससे उसे सिर व शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। उसके परिजनों के चिल्लाने पर वहां से निकल रहे कुछ लोगों व मोहल्ले के लोगों ने आकर बीच बचाव किया, जिस पर उक्त सभी लोग उन्हें जान से मारने को धमकाते चले गए।
वह लोग रंजिश रखते हैं। मारपीट में लहूलुहान सभी पीड़ित लोग कोतवाली पहुंचे, जहां से कोतवाली पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजकर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। फिलहाल पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी पक्ष की ओर से तालाबपुरा निवासी भावना पत्नी राकेश ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके पड़ोसी कई दिनों से उन्हें परेशान कर रहे हैं। बुधवार को गाय बांधने से मना करते हुए गाली गलौज कर मारपीट करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।