ललितपुर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चलाए जा रहे बाल सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में रैली निकालकर शुभारंभ किया गया। इसमें बालिकाओं केे गुड टच व बैड टच के बारे में जागरूक किया। साथ ही आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
डीईआईसी मैनेजर डॉ. सुखदेव ने बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में बताते हुए कहा कि यदि आपको कोई अपरिचित, रिश्तेदार और पड़ोसी गलत दृष्टि से टच करता है, जिसमें असहजता महसूस हो रही है तो तुरंत इसका खुद विरोध करें। साथ ही माता पिता को भी जानकारी दें। साथ ही ऐसी परिस्थिति में शासन की हेल्पलाइन जैसे 1098, 112, 181 वन स्टॉप सेंटर पर संपर्क कर सहायता ले सकते हैं। उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।
बालिकाओं के सवाल का मौजूद अधिकारियों ने जवाब दिया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय भाले ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के अंतर्गत बाल शोषण के प्रति गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इसमें रैली, नुक्कड़ नाटक आदि कार्यक्रम शामिल है। बाल सुरक्षा सप्ताह के दौरान इन आयोजनों का मकसद बालक और बालिकाओं में यौन शोषण पहचानने व उसके विरोध करने की भावना उत्पन्न करना है। भाषण उपरांत रैली निकालकर बालिकाओं ने समाज में जागरूकता का संदेश दिया। अंत में बालिकाओं को कम उम्र में विवाह के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रचार सामग्री भी वितरित की। इस दौरान प्रधानाचार्य नमीता गुप्ता, ओम प्रकाश पटैरिया, डॉ. राजेंद्र मिश्रा, रश्मि श्रीवास्तव, गीता वर्मा, शिमला राठौर, नंदिता रिछारिया, रिचा कुशवाहा मौजूद रहे। संचालन ओम प्रकाश पटैरिया ने किया।