ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर के मोहल्ला तालाबपुरा में एक युवती ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के पिता ने बताया कि मां ने उपमा बनाने में देर लगा दी तो बेटी ने गुस्से में आकर फांसी लगाकर जान दे दी।
मोहल्ला तालाबपुरा निवासी शिखा सोनी (18) जिला महिला अस्पताल में तीन महीने के नर्सिंग कोर्स की ट्रेनिंग कर रही थी। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे वह ट्रेनिंग करके घर लौटीं और अपनी मां से उपमा बनाने को कहा, जिस पर मां ने कहा कि वह हाथ मुंह धो ले, तब तक वह बना देगी, लेकिन जब वह मुंह हाथ धोकर आई तो उसे उपमा बना नहीं मिला, जिससे वह मां से गुस्सा होने लगी और अपने कमरे में चली गई।
इसके बाद मां भी सामान लेने बाजार चली गई, जब मां घर लौटी तो बेटी के कमरे का दरवाजा बंद था। उसने जल्दी से धक्का देकर दरवाजा खोला तो बेटी पंखे पर दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटक रही थी। यह देख मां ने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और उसे उतारकर जिला अस्पताल ले गई।
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता मोहनलाल सोनी ने बताया कि उनकी बेटी ज्यादा गुस्से वाली थी और छोटी सी बात पर भी गुस्सा हो जाती थी। मृतका दो बहनों में छोटी थी और बड़ी बहन मानसिक रूप से बीमार है।