फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएपी की किल्लत से किसानों में आक्रोश, शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया जाम

विज्ञापन
गल्ला मंडी रोड पर किसानों ने लगाया जाम - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
ललितपुर/मड़ावरा। खरीफ की फसल से बर्बाद हुए किसान को रबी की फसल से काफी उम्मीदें हैं लेकिन बारिश के बाद बुवाई के लिए डीएपी खाद की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खाद को लेकर मारामारी मची हुई है। खाद न मिलने से गुस्साए किसानों ने बुधवार को सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया।
विज्ञापन

शहर में मंडी रोड और मड़ावरा में ललितपुर रोड पर स्थित खाद की दुकानों के सामने सड़क पर बैठे किसानों का आरोप है कि विक्रेताओं ने गोदामों व दुकानों पर डाला डाल दिया है और ऊंचे दामों पर पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में खाद की बिक्री कर रहे हैं। तीन दिनों से किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे। अफसरों से गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो बुधवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा। शहर में मंडी रोड पर और मड़ावरा में खाद की दुकानों के आगे बैठे किसानों ने जाम लगा दिया। इसके चलते काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
शहर में गल्ला मंडी रोड स्थित खाद की दुकानों के सामने किसान कतार लगाकर खड़े हो गए और अफसरों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि खेत सरसों और आलू की बुवाई के लिए तैयार हैं लेकिन डीएपी न मिलने से वे बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर संतोष उपाध्याय मौके पर पहुंचे और किसानों को बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से खाद मिलने का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने कहा कि समितियों पर सचिव स्टॉक निल बता रहे हैं और दुकानों पर ऊंचे दाम पर खाद बिक्री की जा रही। इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। एसडीएम ने बताया कि डीएपी की आपूर्ति के लिए उच्चाधिकारियों से बात की जा चुकी है। खाद की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। बृहस्पतिवार से प्रशासन इसकी पूरी तरह से निगरानी करेगा। किसानों को पर्याप्त खाद मिल जाए और पूर्ति के लिए खाद मंगवाई जा रही है। इसके कारण करीब दो घंटे तक मुख्यमार्ग पर आवागमन बाधित रहा जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
विज्ञापन

मड़ावरा में डीएपी की किल्लत से आक्रोशित किसानों ने बुधवार को ललितपुर रोड पर स्थित खाद की दुकानों के सामने सड़क पर बैठ कर जाम लगा दिया। प्रदर्शन में किसानों की बढ़ती भीड़ के बाद किसान यूनियन एवं समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं द्वारा अपनी राजनीति चमकाने प्रयास किया गया। एसडीएम केके सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझा कर शांत कराया गया। उधर, खाद की किल्लत को लेकर किसानों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान एसडीएम द्वारा स्थानीय उर्वरक विक्रेताओं से वार्ता करते हुए उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें दुकानें खोलकर नियमानुसार खाद मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए गए।
-------------
इसलिए किसान है परेशान
रबी सीजन में मटर, मसूर, चना आदि फसल को बोहनी का समय चल रहा है जिसके लिये किसान खेतों में पलेवा को तैयारी में था तभी बीते सोमवार को जनपद में अचानक बारिश हो जाने से खेतों में पलेवा लायक पर्याप्त पानी हो गया। पलेवा के बाद अब बोहनी के लिए खाद की व्यवस्था में किसानों की भीड़ एक साथ पहुंचने से खाद के लिये मारामारी मच गई।
जोत-बही का किसानों ने किया विरोध
मड़ावरा। जिलाधिकारी द्वारा प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी दिए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं जो किसानों को उनकी जोत-बही और आधारकार्ड मुहैया कराये जाने पर दी जाएगी। किसानों ने इसका विरोध किया। इस बावत किसानों का कहना है कि क्षेत्र में राजस्व विभाग द्वारा कई वर्षों से जोत बही नहीं बनाई गई, 90 फीसदी किसानों के पास जोत-बही नहीं है ऐसे में खाद के लिए परेशानी बढ़ेगी और साथ ही फिर से कालाबाजारी बढ़ेगी। नैनवारा के किसान तुलाराम ने बताया कि बुवाई का समय चल रहा है सुबह से ही खाद लेने आ गए थे लेकिन जब यहां आए तो पता चला कि जिसकी नकल खतौनी जमा है उसको खाद मिलेगी।
----------
सैदपुर सहकारी समिति पर हुआ हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में किया खाद वितरण
सैदपुर/महरौनी। तहसील मड़ावरा क्षेत्र के अंतर्गत सहकारी साधन समिति सैदपुर में सोसायटी के सदस्य किसानों द्वारा सचिव पर रात के अंधेरे में खाद बेच दिए जाने के आरोप लगाए जाने के बाद बुधवार को क्षेत्रीय किसानों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर अपर जिला सहकारी अधिकारी शौकीलाल सोसायटी पर पहुंचे और स्टॉक का मिलान एवं मुआयना किया। जिनके निर्देशन पर सोसायटी सचिव द्वारा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस बल की मौजूदगी में समिति के सदस्य किसानों को चेक लेकर नियमानुसार खाद वितरित किया गया। महरौनी में ब्लाक परिसर में स्थित सहकारी समिति पर एक ट्रक डीएपी उर्वरक खाद आई और किसानों को एक एकड़ पर एक बोरी के हिसाब से वितरित की गई। इस दौरान किसानों की लंबी कतार लगी रही जिससे महरौनी मड़ावरा रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। इधर, बाजार की दुकानें बंद होने से किसान परेशान होकर इधर उधर भटकते रहे।
खाद सभी किसानों को मिलेगी। बाजार की दुकानें खुलवा दी हैं। किसान बेवजह भाग दौड़ न करें तसल्ली रखें खाद सभी को समय पर मिलेगी। मो कमर, उपजिलाधिकारी महरौनी।
------------------
डीएपी का कालाबाजारी रोकने की मांग कर कांग्रेस ने दिया ज्ञापन
ललितपुर। डीएपी की कालाबाजारी को रोकने के लिए बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने प्रतिनिधिमंडल के साथ डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि खाद की प्रत्येक बोरी पर 150 से 200 रुपया बढ़ाकर दुकानदार किसान की जेब ढीली कर रहे हैं वहीं सरकारी समितियों की आपूर्ति ठप है। कहा कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद विक्रेताओं की एक सूची प्रकाशित करवाकर किसानों को खाद समय सीमा में उपलब्ध कराई जाए नहीं तो कांग्रेस आंदोलन करने पर बाध्य होगी। इस मौके पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि जसपाल सिंह बंटी, पीसीसी सदस्य बहादुर अहिरवार, मोहन सिंह चंदेल, राकेश रजक , पुनीत देवलिया, पूर्व नगर अध्यक्ष हरि बाबू शर्मा, कमल किशोर दुबे, अजय कुशवाहा, रामअवतार राजपूत, पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष पवन विश्वकर्मा, कुलदीप पाठक, महेंद्र पनारी, नाती राजा, खलक सिंह राजपूत, मुन्ना लाल चंदेल, राहुल सेन आदि मौजूद रहे।

गल्ला मंडी रोड पर लगे जाम के दौरान खड़े वाहन- फोटो : LALITPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें