दो दिसंबर की रात स्थानीय मुहल्ला आजादपुरा में जखौरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर हुए हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद व चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रंगदारी मांगने व जान से मारने का प्रयास करने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला आजादपुरा में रहने वाले जखौरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोबरन सिंह यादव के भतीजे अरविंद सिंह पुत्र रघुराज सिंह यादव ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 02 दिसंबर की रात करीब 09 बजे वह अपने चाचा सोवरन के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मुहल्ले में ही रहने वाले अरविंद कुशवाहा पुत्र लालचंद्र, जगभान कुशवाहा व गोली कुशवाहा पुत्रगण घनश्याम कुशवाहा उनके पास आए और कहने लगे कि तुम लोगों की ठेकीदारी बहुत अच्छी चल रही है, इसलिए हमें एक लाख रुपए का चंदा दे दो। पीड़ित ने विरोध किया तो उक्त आरोपियों व उनके चार अज्ञात साथियों ने जान से मारने की बात कहते हुए तलवार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान वहीं से गुजर रहे अमित तिवारी व बसंत पुत्रगण कैलाश नारायण तिवारी भी बीच-बचाव के लिए रुक गए। आरोपियों ने बचाने के लिए आए उक्त दोनों भाईयों के साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट में उसके चाचा सोवरन सिंह यादव गंभीर रुप से घायल हो गए, जो वर्तमान में मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती हैं। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीनों नामजद व चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने, जान लेवा हमला करने व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके कार्रवाई शुरु कर दी है।