ललितपुर। शनिवार की देर शाम कोतवाली पुलिस ने भारत-पाकिस्तान के बीच हो रहे टी-20 क्रिकेट मैच में आनलाइन सट्टा लगाते हुए तीन सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को विश्व कप टी-20 मैच में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था। कोतवाली पुलिस व स्वॉट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुहल्ला लेंडियापुरा में एक मकान में आनलाइन सट्टा की बुकिंग की जा रही है। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक से सर्च वारंट लेकर कोतवाली पुलिस और स्वॉट ने सीओ सदर ओमकार सिंह के नेतृत्व में छापा मारा। पुलिस ने मुहल्ले के निवासी मिंटू रजक के घर छापा मारा, तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घेराबंदी कर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्त में ले लिया, जबकि छह लोग भागने में सफल रहे।
पकड़े गए लोगों की पहचान मुहल्ला लेंडियापुरा निवासी मिंटू रजक, सदनशाह चौराह निवासी विकास जैन व नईबस्ती निवासी अमित रावत के रूप में हुई। पुलिस ने मिंटू रजक के पास से 260 रुपये, दो मोबाइल, एक थैला, जिसमें से 1,18,840 रुपये, सट्टा बुकिंग के दो रजिस्टर, अमित रावत के पास से एक मोबाइल, 12 सट्टा पर्ची, 7,260 रुपए, एक कैलकुलेटर, विकास जैन के पास से 380 रुपये, चार मोबाइल फोन व थैले से 72,620 रुपये बरामद किया। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
फरार आरोपियों में मुहल्ला शनीचर चौराहा निवासी संजीव जैन उर्फ मामा चाय वाला, राजीव जैन, वीरु जैन निवासी जगदीश मार्केट के पीछे, कुक्कन महाराज निवासी कटरा बाजार, लकी गुप्ता निवासी सिविल लाइन और टिंकू टडैया निवासी आजाद चौक शामिल हैं।
यह रहे टीम में शामिल
सटोरियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक मो. इमरान ने बधाई दी है। इस टीम में प्रभारी निरीक्षक एस के वैश्य, स्वॉट प्रभारी देवी सिंह, एसआई राजबाबू यादव, अशोक उपाध्याय, अवध राजपूत, श्याम सुंदर यादव, सुमित कुमार, अनिल कुमार, रविंद्र कटियार, संजय सिंह, संजीव शर्मा, देवराज, दीपक सिंह व मनोज कुमार शामिल रहे।