सहारनपुर और हरिद्वार में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जागे आबकारी विभाग ने शनिवार को एरावनी और रजौरा स्थित कच्ची शराब के गढ़ों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने लहन नष्ट कर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही दो महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
मालूम हो कि हाल ही में सहारनपुर और हरिद्वार में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो गई। इसके बाद हरकत में आए पुलिस और आबकारी विभाग ने छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को जहां सीओ सिटी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए भट्टियां और लहन नष्ट कर शराब जब्त की थी। वहीं शनिवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी एसपी पांडेय के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक संजीव तिवारी, अमित कुशवाहा ने कुख्यात डेरा एरावनी एवं रजौरा में दबिश दी।
इस दौरान आबकारी टीम ने 58 लीटर कच्ची शराब बरामद की और 17 सौ किलोग्राम लहन नष्ट किया। वहीं मौके पर शराब बनाने वाली दो महिलाओं रागिनी और केशकुमारी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। आबकारी टीम में प्रधान आबकारी सिपाही जमील अहमद, बालेंद्र, रजनीकांत पाल, शैलेंद्र, लल्लन व महिला सिपाही संध्या शामिल रहे।