ललितपुर। जेल परिसर में पेड़ के नीचे हो रहे जुए के फड़ पर पुलिस अधीक्षक डी प्रदीप कुमार के निर्देशन में स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर तीन जेल पुलिस कर्मी सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकडे़ गए लोगों के पास से नगदी व अन्य सामान बरामद हुआ है।
काफी समय से जेल परिसर में जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने कई बार छापे मारने की योजना बनाई लेकिन सूचना जेल पुलिस कर्मी को हो जाती थी। रविवार दोपहर पुलिस अधीक्षक डी प्रदीप कुमार के निर्देशन में स्वाट टीम प्रभारी देवी सिंह व कोतवाली के एसएसआई निगवेंद्र प्रताप ने मुखबिर की सूचना पर जेल परिसर में छापा मारा। वहां जुआ खेल रहे जेल पुलिसकर्मी जालौन के ग्राम एट निवासी धर्मेन्द्र निरंजन, ग्राम अकोडी निवासी सतेन्द्र मिश्रा व ग्राम क्योलारी निवासी नरेन्द्र निरंजन को गिरफ्तार कर लिया। तीनों ही जेल में बंदी रक्षक के पद पर तैनात हैं। वही कांशीराम कालोनी निवासी राजेन्द्र अहिरवार, ग्राम रोंड़ा निवासी नीरज दुबे व अवतार यादव को भी जुआ खेलते गिरफ्तार किया गया। पकडे़ गए लोगों के पास से 40,010 रुपए, तीन सोने अंगूठी, एक सोने की चेन, दो चांदी की अंगूठी व चार मोबाइल बरामद हुए।
बेखौफ होकर खेलते थे जुआ
पकडे़ गए जुआरियों ने पुलिस को बताया कि जेल कर्मियों का कहना था कि जेल परिसर में जुआ कोई नहीं पकड़ सकता है। इस कारण वहां बेखौफ होकर जुआ खेला जाता था।
पुलिसकर्मियों को छुड़ाने में लगे रहे लोग
जेल पुलिस कर्मियों को छुड़ाने के लिए जेल पुलिस कर्मी कोतवाली के चक्कर काटते रहे। वहीं कुछ लोगों ने फोन कर सिफारिशें भी की लेकिन यह मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में होने की वजह से प्रयास सफल नहीं हो सके।
इस टीम को मिली सफलता
स्वाट टीम प्रभारी देवी सिंह, एसएसआई निगवेंद्र प्रताप, महिला एस आई नीतू सिंह, मंडी चौकी इंचार्ज राजबाबू, एचसीपी हरीकिशन बुधौलिया, रविन्द्र कटियार, आलोक द्विवेदी, कप्तान सिंह, रविंद कुमार, अवधेश व महिला सिपाही मिथलेश सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
कचहरी परिसर में भी जुआ पकड़ा
कोतवाली पुलिस ने देर शाम कचहरी परिसर में छापा मारकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ लिया। इनसे रुपये व अ न्य सामान बरामद हुआ है। देर रात तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।