शादी को कचहरी पहुंचा प्रेमी जोड़ा पकड़ा
भारी पुलिस बल के साथ थाने ले गई पुलिस
टीकमगढ़ पुलिस अपने साथ ले गई दोनों को
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शादी करने के लिए मध्यप्रदेश से आया दो अलग संप्रदायों का एक प्रेमी जोड़ा कचहरी परिसर पहुंचा तो एक संप्रदाय के युवक द्वारा जबरन शादी करने की सूचना पुलिस को दी तो अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रेमी जोड़े को महिला थाने ले जाया गया। लेकिन, यहां लव जेहाद की सूचना पर हिंदू संगठनों ने महिला थाने का घेराव कर नारेबाजी की। जानकारी होने पर मध्यप्रदेश की टीकमगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उक्त प्रेमी जोड़े को अपने साथ ले गई।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला के कस्बा पृथ्वीपुर क्षेत्र निवासी अलग संप्रदायों से ताल्लुुक रखने वाला प्रेमी जोड़ा सोमवार को दोपहर शादी की तैयारी के साथ ललितपुर कचहरी परिसर पहुंच गया। यहां युवक की ओर से उसके परिजन भी पहुंचे थे। किसी प्रकार यह बात पूरे कचहरी परिसर में फैल गई। यहां तक कि लव जेहाद की खबर पाकर यहां हिंदू संगठनों का जमावड़ा लग गया और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इस पर सीओ सिटी हिमांशु गौरव व महिला थानाध्यक्ष महिला पुलिस बल के साथ प्रेमी जोड़े को खोजते हुए कचहरी परिसर पहुंच गए, जहां उक्त युवती से जबरन शादी व उसके नाबालिग होने के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन यहां युवती ने अपने बालिग होने संबंधी मार्कशीट व अन्य दस्तावेज भी दिखाए। वहीं, यहां आए हिंदू संगठनों ने इस प्रकार हो रही शादी पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की, जिससे यहां माहौल गरमा गया। मामला बिगड़ते देख पुलिस उक्त प्रेमी जोड़े को महिला थाने ले गई। इसके बाद महिला थाने के बाहर भी कई हिंदू संगठन परशुराम सेवा समिति, गो-सेवा मंडल, हिंदू जागरण मंच, गौ-पुत्र, गौ-सेवा दल, बजरंग दल, हिंदू युवा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद आदि के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और महिला थाने का घेराव करते हुए नारेबाजी करने लगे। वहीं, पुलिस ने पकड़े गए युवक व युवती की जानकारी करने को टीकमगढ़ पुलिस से संपर्क किया, जिसमें पता चला कि युवती की गुुमशुदगी की रिपोर्ट पृथ्वीपुर थाने में दर्ज है। सूचना पर जिला टीकमगढ़ की पुलिस महिला थाने पहुंची, जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस महिला थाने से उक्त प्रेमी जोड़े को अपने साथ मध्य प्रदेश ले गई। बताया गया है कि उक्त युवक बस कंडक्टर है और युवती छात्रा है। वहीं, युवती के पिता की मौत भी हो चुकी है, जिससे परिजन पहले से ही सदमे में थे। कचहरी परिसर में उक्त प्रेमी जोड़े की शादी के लिए युवक के परिजन व रिश्तेदार भी पहुंचे थे।