ललितपुर। संक्रमण से बचाव में कारगर वैक्सीन की कमी से टीकाकरण धीमा हो गया है। अब तक 557801 लोग टीकाकरण से वंचित हैं। वर्तमान में प्रतिदिन छह हजार लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसी गति से टीकाकरण हुआ तो तीन माह में शतप्रतिशत टीकाकरण हो जाएगा।
वैक्सीन के टीकाकरण को लेकर लोगों की जागरूकता भले ही बढ़ गई हो, लेकिन वैक्सीन की कमी से टीकाकरण की रफ्तार नहीं बढ़ पा रही है। यहां पर बीते दिनों किए गए टीकाकरण के महाअभियान में एक दिन में 20 हजार लोगों को डोज लगाई गई थी। इसके अलावा अन्य दिनों में भी लगभग दस हजार से अधिक लोग वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटरों पर पहुंच रहे हैं। सेंटरों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रहीं हैं।
लेकिन, विभाग को सीमित वैक्सीन मिलने से टीकाकरण की गति धीमी हो गई है। सेंटरों पर प्रतिदिन लगभग दस हजार लोग पहुंच रहे, पर डोज कम होने से चार हजार लोग बिना टीका के ही वापस हो रहे हैं। विभागीय आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां पर वृद्घजन व 18 से 44 वर्ष के युवा समेत 821445 लोगों को वैक्सीनेशन का लक्ष्य दिया गया है, इसमें महज 263644 लोगों को ही वैक्सीनेशन किया जा सका है।
लक्ष्य के सापेक्ष 143632 वृद्घजन और 18 से 44 वर्ष के 414169 लोग टीकाकरण से वंचित हैं।
स्वास्थ्य विभाग को प्रतिदिन छह हजार डोज मिल रहे हैं। इससे टीकाकरण से वंचित रह गए 557801 लोगों को शत प्रतिशत टीकाकरण होने में तीन माह दो दिन का समय लग जाएगा। ऐसे में रविवार को बंद रहने के चलते प्रतिमाह चार दिन दिन टीकाकरण नहीं होगा। इससे शतप्रतिशत टीकाकरण लगभग नवंबर माह के अंत तक हो सकेगा।
---
वैक्सीन मिले तो एक माह में हो जाएगा शतप्रतिशत टीकाकरण
जनपद में एक दिन में महावैक्सीनेशन अभियान में 21150 लोगों को लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 20 हजार से अधिक लोगों को टीकाकरण किया गया था। इसी तरह पर्याप्त वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग को मिले तो टीकाकरण एक माह में ही शत प्रतिशत हो जाएगा।
----
वैक्सीन कम मात्रा में मिल रही है। प्रतिदिन छह हजार डोज मिल रहे हैं। लगातार डोज मिलते रहे तो तीन माह में टीकाकरण शतप्रतिशत हो जाएगा।
- डॉ. हुसैन खांन
नोडल अधिकारी
कोविड टीकाकरण