ललितपुर। शहर कोतवाली के अंतर्गत चौकी राजघाट के पास बाइक से ड्यूटी जा रहे 112 के सिपाही को किसी वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर घायल अवस्था में इलाज को जिला अस्पताल लाए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सिपाही जालौन का रहने वाला था।
जनपद जालौन के थाना उरई के अंतर्गत ग्राम लयरियापुरा निवासी कुलदीप सिंह चौहान (36) जनपद में डायल 112 में सिपाही के पद पर तैनात था। उनकी ड्यूटी राजघाट में थी। वह बृहस्पतिवार देर रात में ड्यूूटी के लिए बाइक से राजघाट जा रहे था। वह कस्बा राजघाट में पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचा था कि किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षण संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।