कार्यशाला का शुभारम्भ करते सीएमओ
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जनपद कोरोना संक्रमण के चलते शिशुओं को ग्यारह बीमारियों से बचाव के लिए लगाए जाने वाले नियमित टीकाकरण में पिछड़ रहा है। अब तक मात्र अठारह फीसदी शिशुओं को ही टीके लग सकें हैं। विभाग शत प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए चाई संस्था का सहयोग लेकर सुधार करेगा। इसको लेकर मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन क्लिंटन हेल्थ एक्सेस इनिशिएटिव (चाई) संस्था द्वारा किया गया।
कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीपी शुक्ला ने कहा कि डाटा के आधार पर माइक्रो प्लान बनाए, ड्यूलिस्ट पर भी बल दिया, साथ ही कोल्ड चैन के रखरखाव और उसकी गुणवत्ता के बारे में भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण सेवाओं में चाई संस्था के सहयोग से सुधार करने का प्रयास करें। फील्ड में आ रही समस्याओं को ध्यान में रखकर टीकाकरण किया जाए, जिससे शत-प्रतिशत लाभार्थियों का टीकाकरण किया जा सके। आशा, एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के बीच बेहतर तालमेल बनाएं। टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तिमाही माइक्रो प्लान बनाएं। ब्लाक पर रिव्यू मीटिंग और डिस्ट्रिक्ट रिव्यू मीटिंग कराने का सुझाव दिया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन खान ने कहा कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम बच्चों व माताओं को जानलेवा बीमारियों से बचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि क्लिंटन हेल्थ फाउंडेशन के सहयोग से टीकाकरण सेवाओं के परिणाम और बेहतर आएंगे और हम टीकाकरण के द्वारा आसानी से शिशु मृत्यु दर को और कम करने में सफल हो पाएंगे। संस्थाओं के सहयोग से मॉडल ब्लॉक के रूप में विकसित किया जाएगा, साथ ही शतप्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे।
जिला प्रतिक्षरण अधिकारी ने कहा कि कोविड के कारण नियमित टीकाकरण पिछड़ रहा है। अब तक जिले में सिर्फ अठारह प्रतिशत ही टीकाकरण हो पाया है। भविष्य में टीकाकरण नब्बे फीसदी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आपसी सामंजस्य व सहयोग से टीकाकरण में निरंतर सुधार जरूरी है। लगातार प्रयास से टीकाकरण का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा किया जा सकेगा। संस्था के जिला प्रतिनिधि दीपक दुबे व चाई के क्लस्टर लीड साजिद अली ने नियमित टीकाकरण प्रोग्राम मैनजमेंट यूनिट के बारे में बताया कि टीकाकरण सुधार के लिए जनपद में आवश्यक सहयोग करेगा। डीपीएम रजिया फ़िरोज ने भी टीकाकरण के लक्ष्य पर ध्यान देने और चाई संस्था के सहयोग की बात कही। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन से सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुमित बघेल ने मॉनिटरिंग डाटा के आधार पर सभी प्रतिभागियों को बताया कि पार्शियल इम्यूनाइजेशन को पूर्ण प्रतिरक्षण में बदलने कि आवश्यकता है। ज्यादा से ज्यादा एएनएम व आशा द्वारा टीका लगाने के लिए टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान एसीएमओ डॉ. डीसी दोहरे, ब्लॉक के प्रभारी चिकित्साधिकारी, डीसीपीएम, एआरओ, बीपीएम, डाटा आपरेटर आधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।