नामांकन खरीदते प्राइवेट ऐशोशियन के सदस्य
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार महावीरपुरा स्थित एक रामरतन विद्या मंदिर में शुरू हो गई। पहले दिन मंगलवार को नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य हुआ, जो कल 25 अगस्त तक चलेगा। चुनाव अधिकारी जयशंकर प्रसाद द्विवेदी की देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया का प्रारंभ नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ रामरतन विद्या मंदिर में हुआ। एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी जयशंकर प्रसाद द्विवेदी ने बताया एसोसिएशन का द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है, जो 29 अगस्त तक चलेगी।
इसके अंतर्गत 24 एवं 25 अगस्त को नामांकन पत्रों की बिक्री एवं नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। 26 अगस्त को नाम वापसी एवं 29 अगस्त को मतदान एवं उसके उपरांत मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान एवं मतगणना को छोड़कर बाकी सारी प्रक्रिया एशोसिएशन के कार्यालय राम रतन विद्या मंदिर में होगी। मतदान एवं मतगणना का कार्यक्रम आरई मिशन स्कूल में संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री के प्रथम दिवस तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र क्रय किए। तीन नामांकन पत्रों में अध्यक्ष पद के लिए दो और महामंत्री पद के लिए एक नामांकन पत्र क्रय किया गया। अध्यक्ष पद के लिए मोहन सैनी एवं अजय श्रीवास्तव ने नामांकन पत्र खरीदा। जबकि, महामंत्री पद के लिए ध्रुव साहू ने नामांकन लिया। आज नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है। प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन का चुनाव जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी चुनाव अधिकारियों एवं एसोसिएशन की चुनाव संचालन समिति ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना हम सबका उद्देश्य है। इस अवसर पर चुनाव अधिकारी लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, महेंद्र सविता, जयेश बादल के अलावा एसोसिएशन की चुनाव समिति के संयोजक गोविंद व्यास, अक्षय अलया, आकाश मसीह, विश्वनाथ शुक्ला, शिशुपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।