ललितपुर। थाना जाखलौन के ग्राम बम्हौरीकलां निवासी एक व्यक्ति की बुधवार दोपहर में अपनी बहन के घर ग्राम चकमहरौनी जाते समय अचानक हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बम्हौरीकलां निवासी सुखलाल (40) पुत्र मुलू सहरिया बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे ऑटो से अपनी बहन के घर गांव चक महरौनी जा रहा था। ऑटो अमरपुर मंडी के पास हाइवे पर ही पहुंचा था कि तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेसुध होकर ऑटो में ही गिर गया।
ऑटो चालक ने ऑटो रोककर देखा तो वह अचेत पड़ा हुआ था। जिस पर ऑटो चालक ने पास में स्थित अमरपुर मंडी पुलिस चौकी को जानकारी दी और उसे ऑटो से ही जिला अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटा व एक बेटी है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था और उसके पास मात्र सवा एकड़ खेेती की जमीन है।